प्रेमी को सबक सिखाने के लिए प्रेमिका के घरवालों ने बंद कमरे में पीट-पीटकर कर दी युवक की हत्या
Amethi news, अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी मे गौरीगंज कोतवाली से दो सौ कदम की दूरी पर प्रेमिका के घर वालों ने प्रेमी को घर पर बुलाकर पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया, ऐसा मृतक के परिजनों का आरोप है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों ने लाश सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया है, स्थिति नाजुक देखकर बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स लगाई गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार मृतक नाबाद (20) गौरीगंज कोतवाली अंतर्गत फलमंडी का निवासी था जिसका पड़ोस की ही एक युवती से कई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान कई बार प्रेमिका के घर वालों ने प्रेमी के परिजनों से शिकायत भी की। जिस पर कई बार दोनों परिवार के बीच झगड़ा हुआ था। रविवार की देर रात प्रेमिका के घर वालों ने प्रेमी को सबक सिखाने के लिए घर पर बुलाया और उसके हाथ-पैर बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि घर वालों ने बचाव में आई प्रेमिका के मुंह में कपड़े ठूंस दिए और उसे भी मारपीट कर कमरे में बंद कर और प्रेमी को उस वक़्त पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया।
उधर मारपीट की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोगों ने डायल 100 को सूचना दी, मौके पर पहुंची डायल 100 की टीम मृतक को इलाज के लिए ले जाना चाहती थी लेकिन प्रेमिका के परिजनों ने उसे देने से इंकार कर दिया। बाद में गौरीगंज कोतवाली की फोर्स आई और उसे वहां से निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में डाक्टरों ने नाबाद को रायबरेली हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। जहां रायबरेली ले जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई। नाबाद की मौत के बाद परिजन और मोहल्ले के लोग भड़क उठे और लाश सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। जिन्हें पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाया बुझाया। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि दी गई तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications