Amethi Accident: सज-धज कर निकली बारात, बीच रास्ते क्या हुआ जो दूल्हे ने मौत को लगा लिया गले? मंडप रह गया सूना
Amethi Accident news: शादी के दिन दूल्हे की आत्महत्या की खबर ने यूपी के अमेठी जिले को झकझोर कर रख दिया। एक तरफ जहां बारात की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर दूल्हे ने अचानक अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह हादसा शादी वाले दिन शुक्रवार की रात को हुआ, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया।
जिस वक्त दुल्हन हाथों में मेंहदी रचाए साजन के इंतजार में बैठी थी, उसी समय उसे यह दिल दहला देने वाली खबर मिली कि दूल्हे ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। यह सुनकर दुल्हन बेहोश होकर गिर पड़ी और पूरे घर में कोहराम मच गया। बारात के लिए सजे वाहन वहीं रुक गए और जश्न की जगह चीखें गूंज उठीं।

घटना के तुरंत बाद जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन परिवार और रिश्तेदार इस घटना के बाद से ही काफी दुखी हैं।
अचानक रुकवाई गाड़ी और रेलवे ट्रैक पर भागा
यह दिल दहला देने वाला मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र के बनी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। रायबरेली के सलोन इलाके के सूची चौराहा निवासी रामकिशोर यादव के बेटे रवि यादव की शादी 18 अप्रैल को मऊ जिले की एक लड़की से तय हुई थी। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे जब बारात बनी रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तो दूल्हे ने अचानक गाड़ी रुकवा दी। वह किसी को बिना बताए नीचे उतरा और रेलवे ट्रैक की ओर चल पड़ा। इसी दौरान वहां से एक मालगाड़ी गुजर रही थी, जिसके सामने रवि ने छलांग लगा दी।
मौत सूचना से बारात में मचा कोहराम
मालगाड़ी की टक्कर से रवि दूर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गाड़ी में सवार अन्य बाराती दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यह खबर जब घर और दुल्हन पक्ष तक पहुंची तो हर ओर चीख-पुकार मच गई।
वहीं रेलवे कर्मचारी चंदन कुमार ने इसकी सूचना स्टेशन अधिकारियों को दी। स्टेशन मास्टर संजय के जरिए यह खबर पुलिस को दी गई। कोतवाली गौरीगंज की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
आत्महत्या या कोई और वजह?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रवि यादव शादी की बारात के दौरान अचानक गाड़ी से उतरा और ट्रेन पकड़ने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गया। प्रतापगढ़ की ओर जा रही ट्रेन से ऐंधी और बाबूगंज स्टेशन के बीच गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ और कुछ ही मिनटों में उसकी जान चली गई।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रवि ने आत्महत्या क्यों की। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं मृतक के परिजन अभी भी इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं और किसी भी प्रकार का बयान देने की हालत में नहीं हैं।
रवि यादव की मौत ने एक खुशहाल शादी को गहरे दुःख में बदल दिया। जिस घर से बारात निकली थी, वहां अब चीत्कार और सन्नाटा पसरा हुआ है। दूसरी ओर, जिस घर में बारात का इंतजार हो रहा था, वहां भी माहौल गमगीन हो गया है। लोग समझ नहीं पा रहे कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो रवि ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications