UP News: अंबेडकरनगर में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक लोग झुलसे, 5 की हालत गंभीर
UP News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जनपद में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर दर्जनभर लोग झुलस गए। झुलसे लोगों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
यह पूरी घटना अंबेडकरनगर जनपद के बसखारी इलाके की है। बसखारी के छांगुरपुर मिश्रौलिया में गांव की रहने वाली व्रतंती देवी का बीते दिनों बीमारी के चलते निधन हो गया था। निधन हो जाने के बाद रविवार को शुद्धि कार्यक्रम का आयोजन था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके गांव और रिश्तेदारी के लोग पहुंचे थे।

रविवार को इलाके में सुबह से ही तेज बरसात हो रही थी और बरसात के चलते लोग झुंड में मौजूद थे, उसी समय तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और लोग झुलस गए। आकाशीय बिजली गिरने के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को लेकर आसपास के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छांगुरपुर मिश्रौलिया के रहने वाले रामरूप (55), पतिराम गौतम (50), राजाराम (50), अच्छेलाल (42), चिंताराम (40), रवि कुमार (30), दिलीप (30), विशाल (23), शशिकांत (20), अभिमन्यु (19) और सचिन (15) तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार प्रारंभ किया गया।
उसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए शशिकांत, चिंताराम, दिलीप, रामरूप व पतिराम को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर और अच्छेलाल, राजाराम, विशाल व सचिन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद शुद्धि कार्यक्रम को भी रोक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर जिलाधिकारी डॉ सदानंद गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने, झुलसे लोगों का उपचार कर रहे डॉक्टरों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications