Ambedkar Nagar: मछली पकड़ने वाली नाव में सवार थे 14 लोग, सेल्फी लेने के चक्कर में पलटी, 3 बच्चियां लापता
शादी समारोह में शामिल होने गए 14 लोग घाघरा नदी में नाव पर घूमने गए थे, लेकिन सेल्फी लेने के चक्कर में नाव का संतुलन बिगड़ा और नाव पलट गई। 11 लोगों को तो बचा लिया गया लेकिन 3 बच्चियां लापता हो गई।

उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमे घाघरा नदी में नाव पर सवार होकर सेल्फी लेने के चक्कर में नाव का संतुलन बिगाड़ा और नाव में सवार बच्चों समेत 14 लोग नदी में डूब गए। ग्रामीणों के प्रयास से 11 लोगों को तो बचा लिया गया लेकिन 3 बच्चियों का पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी के बाद आयोजित दावत ए वलीमा में शामिल होने रिश्तेदार के घर आए थे। वहीं लापता बच्चियों की तलाश जारी है।

मछली पकड़ने वाली नाव में सवार 14 लोग
बता दें कि जहांगीरगंज के बिड़हर खास गांव निवासी इशरार अहमद के घर पर मंगलवार को लड़के की शादी थी। उसके उपरांत बुधवार को बहू भोज (दावत ए वलीमा) कार्यक्रम का आयोजन था। जिसमें शामिल होने के लिए विभिन्न स्थानों से आए रिश्तेदार व उनके परिजन रुके हुए थे। बाताया जाता है कि सभी निकट से ही बह रही घाघरा नदी तट पर घूमने पहुंचे और वहां स्थानीय रवि व अंकुर द्वारा चलाई जा रही मछली पकड़ने वाली नाव में करीब 14 लोग सवार हो गए।

सेल्फी लेने से बिगड़ा नाव का संतुलन, 14 डूबे
जानकारी अनुसार नाव के किनारा छोड़ने के बाद कुछ दूर आगे बढ़ते ही लोगों द्वारा सेल्फी लेने का प्रयास किया गया। जिससे नाव का संतुलन बिगड़ने लगा और देखते ही देखते नाव पलट गई। उसमें सवार सभी लोग नदी में डूब गए। जिसे देख किनारे पर मौजूद इन्हीं में से एक प्रत्यक्षदर्शी बिड़हर के ही गुलजार ने शोर मचाया। जिसके बाद नौका दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। लोगों की भारी भीड़ नदी किनारे पहुंच गई। इधर शोर मचते ही स्थानीय युवकों लालचंद, पवन व आनंद आदि ने कड़ी मशक्कत कर 11 लोगों को बचा कर बाहर निकाल लिया।

3 बच्चियां नदी में लापता, तलाश जारी
निकाले गए लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं 14 में से तीन बालिकाओं नेवारी की गुलजार, टांडा के रसूलपुर की नेदा व फूलपुर की साल्हया का पता नहीं चल सका। एडीएम डॉक्टर सदानंद गुप्ता, एसडीएम सौरभ शुक्ला, क्षेत्राधिकारी राम बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह व पुलिस टीम की मौजूदगी में लापता बच्चियों की तलाश जारी है। एसडीएम सौरभ शुक्ला के मुताबिक लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम भी लगाई गई है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications