ज्ञानदेव आहूजा के बोल-मोब लिंचिंग नहीं कोई षड़यंत्र, गोतस्कर होते हैं आतंकवादी
Alwar News , अलवर। राजस्थान के अलवर जिले से लगातार आ रही गोतस्करी और गोकशी के मामले में रामगढ़ के पूर्व विधायक व भाजपा उप प्रदेशाध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा ने विवादित बयान दिया है।
गोतस्करों को आतंकवादी बताते हुए ज्ञानदेव आहूजा ने कहा है कि मॉब लिंचिंग कोई षड़यंत्र पूर्वक नहीं होती। षड़यंत्र पूर्वक तो हत्या होती है, बलात्कार होते हैं पर मोब लिंचिंग कोई षड्यंत्र नहीं है।
ज्ञानदेव आहूजा ने मीडिया के जरिए अलवर पुलिस से निवेदन भी किया कि वे निर्दोष लोगों को ऐसे मामलों में नहीं फंसाए। गाय सबकी माता है। पार्टी चाहे कांग्रेस हो या भाजपा। किसी को भी गाय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। यहीं नहीं बल्कि अगर मुस्लमान भी गाय को नहीं मानते हैं उन्हें भी मानना चाहिए।
आहूजा की मानें तो पारसी जब हमारे देश में आए थे तब कालीकट के राजा ने उनके सामने तीन शर्तें रखी थी, जिनमें से गोमांस नहीं खाना भी एक शर्त थी। जब पारसी इस शर्त का पालन कर सकते हैं तो मुस्लिमों को भी उनसे सीख लेनी चाहिए और हिन्दू-मुस्लिम के बीच सौहार्द बनाए रखते हुए मुस्लिमों को गोमांस से परहेज करना चाहिए।
ज्ञानदेव आहूजा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस गोतस्करों के खिलाफ कभी आवाज नहीं उठाती है जबकि अब तो राजस्थान प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी बन गई है। ऐसे में राजस्थान सरकार व कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को गोवंश को बचाने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।