ALWAR : बंदी ने जेल में फोटो खिंचवाकर FACEBOOK पर पोस्ट करके लिखा-हैप्पी दीपावली दोस्तों
अलवर। पिछले दिनों अलवर जिले के बहरोड़ पुलिस थाने पर हमला करके पपला गुर्जर को भगा ले जाने के मामले से भी पुलिस ने सबक नहीं लिया है। शायद यही वजह है कि बहरोड़ उप कारागृह में बंदी बेखौफ हैं। उन तक स्मार्ट फोन आसानी से पहुंच रहे हैं। इस बात की गवाही एक बंदी की फेसबुक पोस्ट दे रही है। बंदी ने जेल के अंदर से ही अपनी तस्वीर लेकर फेसबुक पर पोस्ट करते हुए दीपावली की बधाई दे डाली।

बता दें कि बहरोड़ जेल में बंदी गांव खोहरी निवासी अजय खोहरी है। आदतन अपराधी अजय खोहरी वर्तमान में फायरिंग के मामले में जेल में बंद है। अजय ने दीपावली 2019 के दिन बहरोड़ जेल से अपना फोटो लेकर फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि हैप्पी दीपावली दोस्तों। अजय के फेसबुक पर इस पोस्ट पर दो घटें में ही तीन सौ से अधिक लाइक्स और डेढ सौ से अधिक कमेंट आ गए थे। मंगलवार को सब जेलर से मामले में जानकारी चाही उसके कुछ देर बाद फेसबुक से पोस्ट को डिलीट कर दिया गया था। परन्तु उससे पहले ही लोगों ने पोस्ट के स्क्रीन शॉट लेकर वायरल कर दिए थे।
मीडिया से बातचीत में बहरोड़ सब जेलर आरके शर्मा ने कहा कि जेल की सेल की फोटो लेकर बंदी ने फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले की जांच करवाई जा रही है। बंदी से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले में उप जिला कलक्टर बहरोड़ सुभाष यादव का कहना है कि जेल की सेल का फोटो लेकर फेसबुक पर पोस्ट किया जाना गंभीर बात है। जेल मेें पूर्व मे अनेक बार तलाशी का अभियान चलाया गया था। अब मोबाइल कहां से कैसे आया जांच करवाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications