प्रयागराज: पंखे से लटककर नव दंपति ने एक साथ किया सुसाइड, पांच महीने पहले हुई थी शादी
प्रयागराज, मई 12: खबर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से है। यहां उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नव दंपति ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के शव घर के अंदर एक ही पंखे से लटकते मिले। परिजनों ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे के दरवाजे को तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और इस पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश में जुट गई। हालांकि जांच में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा जिससे यह साफ हो सकता कि आखिरकार इस आत्महत्या के पीछे वजह क्या है।

ये मामला कोतवाली नैनी क्षेत्र के डांडी बाजार का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, शंकर लाल केसरवानी के दो बेटों में बड़ा शिवम घर के बगल ही कपड़े की दुकान चलाता था। करीब पांच माह पहले आठ दिसंबर को उसकी शादी नेहा पुत्री श्यामलाल निवासी घूरपुर बाजार के साथ धूमधाम से हुई थी। दोनों शादी के बाद बहुत खुश थे। सोमवार शाम नेहा के घरवाले आए थे। तब तक भी सब कुछ ठीक ठाक था। हर दिन की तरह सब ने एक साथ खाना खाया फिर अपने अपने कमरे में सोने चले गए।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि नेहा सुबह छह बजे जाग जाती थी लेकिन मंगलवार को वह बहुत देर तक नीचे नहीं उतरी। कई बार आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। जिसके बाद खिड़की से झांका तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। शोरशराबा हुआ तो आस-पास के लोग और जानकारी पर नेहा के मायके वाले भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को फंदे से उतारकर सीएचसी ले गई। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए। देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद दारागंज घाट पर दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश में जुट गई है। हालांकि जांच में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा जिससे यह साफ हो सकता कि आखिरकार इस आत्महत्या के पीछे वजह क्या है। नैनी थाना प्रभारी के अनुसार आत्महत्या के पीछे वजह साफ नहीं हो पाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा की नव दंपति ने आत्महत्या किया है या इसके पीछे वजह कुछ और है।
पुलिस के सामने ही भिड़े दोनों पक्ष
इससे पहले पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव घर लाए जाने के बाद दोनों परिवार आपस में भिड़ गए। मृतका के परिवारवालों ने पुलिस के सामने ही युवक की मां के साथ हाथापाई की। बीचबचाव करने पर मामला बढ़ गया। हालात ऐसे हुए कि बीचबचाव में एसएसआई रामआशीष यादव भी जख्मी हो गए। पुलिस ने किसी प्रकार दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए दारागंज घाट ले जाया गया।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications