प्रयागराज: खुद को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का करीबी बताने वाला नेता गिरफ्तार, चलाता था जुए का अड्डा
प्रयागराज। प्रयागराज जिले में जुए का अड्डा चला रहे बीजेपी नेता बृजेश पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बृजेश पाण्डेय खुद को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का नजदीकी बताता था और सोशल मीडिया पर अक्सर उनके साथ तस्वीरें भी पोस्ट करता था। इसकी जानकारी एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध को मिली तो उन्होंने देर रात बृजेश पाण्डेय समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी के विरूद्ध गैंब्लिंग एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया।
रह चुका है भाजयुमो का जिलाध्यक्ष
पुलिस की मानें तो जुए/सट्टा का मुख्य संचालक व गैंग लीडर बृजेश पाण्डेय भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके है और खुद को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का नजदीकी बताकर पुलिस में रौब भी दिखाया करता था। इस पूरे प्रकरण की जानकारी हाल ही में प्रयागराज आए पुलिस कप्तान को हुई तो उन्होंने जांच कराई और खबर पुख्ता होने पर पुलिस टीम को छापेमारी का आदेश दिया था। जिस पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की और जुए अड्डे से संचालक गैंग लीडर बृजेश पाण्डेय समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों को पहले थाना नैनी ले जाया गया और लिखापढी के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
ताश की गड्डी और पैसे बरामद
पुलिस ने जुए के अड्डे से दर्जनों की संख्या में ताश की गड्डी बरामद की है। जबकि जुआ खेल रहे लोगों के पास रुपए भी बरामद किए है। सभी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
कई वर्षो से चल रहा था जुए का अड्डा
स्थानीय लोगों ने बताया कि थाना नैनी के अंतर्गत रेल गांव में कई वर्षों से यह जुआ का अड्डा चल रहा था। जिसकी शिकायत स्थानीय लोग कई बार कर चुके थे। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। इक्का दुक्का बार पुलिस टीम पहुंची तो बृजेश पाण्डेय ने अपनी पहुंच का धौंस जमाते हुये मामला शांत करा लिया था।