प्रयागराज के होटल में सैन्यकर्मी की संदिग्ध हालत में मौत, कागज़ों में मिला भारतीय सेना का मूवमेंट आर्डर
प्रयागराज शहर के एक होटल में रुका युवक संदिग्ध परिस्तिथियों में मृत पाया गया। बताया जा रहा है की वह गुजरात का रहने वाला था और एक सैन्यकर्मी था। दोपहर से रात तक कस्टमर की कोई गतिविधि न दिखने पर कर्मचारियों को किसी अनहोनी का शक हुआ तो उन्होंने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। पर हुआ वही जिसका डर था, अंदर सैन्यकर्मी की लाश पड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास से मिले मोबाइल और कागजातों द्वारा परिजनों को खबर कर दी है और जांच में जुट गई है।

मुंह और नाक से खून निकल रहा था
प्रयागराज शहर के साउथ मलाका स्थित होटल आदुश काटेज के कमरा नंबर छह में शुक्रवार को एक युवक आकर रुका। शनिवार दोपहर से कमरे का दरवाजा जब नहीं खुला तो रात को होटल के कर्मचारियों को कुछ संदेह हुआ। कुछ देर और इंतज़ार करने के बाद भी कोई आहट न मिली तब उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ धक्का देकर दरवाजा खोल दिया। जब दरवाज़ा खुला तो सबके होश उड़ गए। सामने युवक की लाश औंधे मुँह पड़ी हुई थी और उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था। होटल कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को फ़ोन कर सूचना देते हुए बताया की होटल में एक युवक की लाश पड़ी है। पुलिस ने बिना देरी किये मौके पर पहुंचकर शव को और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया और छानबीन शुरू कर दी।
भारतीय सेना का मूवमेंट आर्डर मिला
मृतक की पहचान 35 वर्षीय बेहचर सिंह सोलंकी निवासी जगतपुरा बाव, जनपद साबरकांठा, गुजरात के रूप में हुई। इंस्पेक्टर अमर सिंह रघुवंशी का कहना है कि उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उनकी मौत किन कारणों से हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल और एक बैग मिला है जिसमे कुछ कागज़ात भी मिले हैं। दोनों चीज़ों का मुआयना करने से पता चला की युवक एक सैन्यकर्मी है और कागजात में भारतीय सेना का मूवमेंट आर्डर मिला है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है वह यहां क्यों आए थे। मृतक के बैग से मिले कागजात व मोबाइल से मिले नंबर के माध्यम से उसके स्वजन को सूचना दी गई।












Click it and Unblock the Notifications