हाईटेंशन पोल की चोटी पर चढ़ गया युवक, 3 घंटे ड्रामा के बाद मुश्किल से उतरा
इलाहाबाद/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार को एक युवक हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया। युवक के पोल पर चढ़ने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। युवक को नीचे उतरने के लिए लोग मिन्नतें करते रहे। लेकिन, वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। लगभग 3 घंटे तक युवक उसी पोल पर चढ़ा रहा और जमकर ड्रामा करता रहा।

बाद में बिजली विभाग के कर्मचारी भी पोल पर चढ़े और उसे किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर है और पिछले साल भी इसी तरह की घटना को वह कर चुका है। बीते साल वह रीवा के डिहिया में गंगा पुल के पोल पर चढ़ गया था। प्रयागराज जिले के बहराना इलाके का रहने वाला युवक सुभाष पटेल मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा का रहने वाला है। मंगलवार को बैरहना पावर हाउस के करीब एक हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया। वहां खड़े दो लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे। हालांकि उसने किसी की बात नहीं सुनी और लगातार व टावर पर ऊपर चढ़ता चला गया।
थोड़ी देर में वह टावर के सबसे ऊंचाई वाले स्थान पर पहुंच गया। गनीमत रही कि उस समय विद्युत सप्लाई नहीं हो रही थी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी तो मौके पर पुलिस पहुंची और उसके बाद काफी इंतजाम कर व मान-मनौव्वल कर युवक को नीचे उतारा गया। पुलिस ने सुभाष के परिजनों से संपर्क करना चाहा तो पता चला उसके परिवार में कोई नहीं है और वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। लेकिन, मानसिक रूप से बीमार होने के कारण वह अब ऐसी घटनाएं करने लगा है। टावर पर चढ़ने को लेकर दिनभर वह सुर्खियों में छाया रहा।












Click it and Unblock the Notifications