इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से वापस लौटते समय कॉलेज के कमरे में छात्रा को खींच ले गया कर्मचारी
Prayagraj news, प्रयागराज। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बड़ी खबर है। यहां छेड़खानी और रेप के प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी में शोध कर रही एक छात्रा से रेप का प्रयास किया गया और आरोपी विश्वविद्यालय का ही कर्मचारी है। आश्चर्य की बात यह है कि यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर ही पूरी घटना हुई है। पीड़ित छात्रा ने मामले में यूनिवर्सिटी के ही एक कर्मचारी को नामजद किया है और एफआईआर दर्ज करा दी है। आरोप है कि कॉलेज से घर लौटने के लिये निकली छात्रा को अकेली देखकर कर्मचारी कमरे में खींच ले गया और उसके साथ जोरजबरदस्ती करने लगा। हालांकि छात्रा के कर्मचारी से भिड़ जाने व पुरजोर विरोध के बाद आरोपी अपने मनसूबे में कामयाब नहीं हुआ।

मनोविज्ञान में शोध कर रही है छात्रा
प्रयागराज शहर की रहने वाली एक छात्रा इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से मनोविज्ञान विषय में शोध कर रही है। शनिवार की शाम 5 बजे वह कैंपस से घर जाने के लिये निकली। इस दौरान सुनसान जगह व अकेली छात्रा को देखकर यूनिवर्सिटी में कार्यरत गोविंद नाम के एक कर्मचारी ने छात्रा का रास्ता रोक लिया और इससे पहले की वह कुछ समझ पाती युवक, छात्रा को कमरे में खींच ले गया। छात्रा ने विरोध किया और गोविंद से बचने के लिये भिड़ गई। इस दौरान वह गिर पड़ी जिससे उसको चोट भी आयी। पुरजोर विरोध के बीच किसी तरह खुद को बचाकर छात्रा भाग निकली और सीधे कर्नलगंज थाने पहुंची। जहां छात्रा की शिकायत के बाद आरोपी कर्मचारी गोविंद को हिरासत में लिया गया। हालांकि थाने में दबाव के बाद दोनों पक्षों में बातचीत होने के बाद छात्रा ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया। उस समय आरोपी कर्मचारी को पुलिस ने सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया था।

चार दिन बार हुई एफआईआर
घटना के चौथे दिन मामले में छात्रा ने तहरीर देकर कर्नलगंज थाने में आरोपी गोविंद के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई तो यह मामला सुर्खियों में आ गया। मामले में अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की तो आरोपी गोविंद फरार हो गया। पुलिस जांच में पता चला है कि समझौता हो जाने के बाद भी गोविंद छात्रा पर गलत नजर बनाए हुए था और उसे दबोचने के फिराक में था। फिलहाल कर्मचारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन भी अब आरोपी पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। फिलहाल घटना के बाद से एक बार फिर से इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की शाख को गहरा धक्का लगा है। वहीं, दूसरी ओर मामले में छात्र संगठन भी कड़ी व तत्काल कार्रवाई न किये जाने पर हंगामा कर सकते हैं, जिसे देखते हुए यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications