प्रयागराज: 6 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने आरोपी को पीटा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां करछना इलाके के एक गांव छह साल की मासूम के साथ एक युवक ने दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। घटना उस वक्त की है जब बच्ची अपने पिता के साथ घर के बाहर सो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला शख्स आया और बच्ची को उठा कर ले गया। दरिंदे ने थोड़ी दूर जाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना का पता तब लगा जब परिजनों ने बच्ची की चीख-पुकार सुनी।

बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और उसे छुड़ाया। हंगामा मचता देख गांव के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए और युवक की जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। वहीं, पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसपी यमुनापार दिपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया की करछना थाना क्षेत्र के 6 वर्षीय बच्ची को घर के बाहर पिता के साथ सोते समय रात में गांव का ही एक युवक उठा कर ले गया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर परिजनों के पहुंचने पर मासूम को आरोपी से छुड़ाया गया। पीड़िता को मेडिकल उपचार के लिए भेज दिया गया है। करछना पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
हर दिन पिता के साथ ही सोती थी
परिजनों ने बताया कि बेटी घर में सबकी दुलारी थी और हर दिन अपने पिता के पास ही सोती थी। देर शाम घर में सभी ने एक साथ खाना खाया और पिता जब बाहर घर के बाहर बिस्तर लगा कर लेट गए तो बेटी भी रोज की तरह उनके पास जाकर लेट गई। पिता से कहानी सुनने के बाद वह नींद की आगोश में चली गई और जब उसकी नींद टूटी तो वहां हवस का शिकार बन रही थी। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराई गई बच्ची की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।












Click it and Unblock the Notifications