अलीगढ़ हिन्दू महासभा के कार्यालय से पीएम मोदी की फोटो गायब, कृषि कानून वापस लिये जाने पर नाराजगी
अलीगढ़। बीते शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए कृषि कानून को वापस लेने का फैसला किया, जिसका एक तरफ समर्थन भी किया गया। वहीं कुछ लोगों ने इस फैसले से नाराजगी जताई है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो गायब हो गया है। गृहमंत्री अमित शाह का फोटो अभी भी लगा हुआ है। कृषि कानून वापस लेने के फैसले से हिंदू महासभा सहमत नहीं है। असहमति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो महासभा कार्यालय से हटने पर चर्चा का बाजार गरम है।

हालांकि हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय का कहना है कि फोटो का हटना महज संयोग है। कृषि कानून से इसका कोई संबंध नहीं है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का फोटो लगा था। यहां वीर सावरकर का फोटो था, जिसे फटने के बाद हटा दिया गया था। आज सावरकर का फोटो आ गया है। उसे नरेंद्र मोदी की जगह पर लगा दिया है। कुछ लोग इसको गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
हालांकि अशोक पांडेय ने कहा कि कृषि कानून वापस लेना सरकार का गलत निर्णय है। आज सरकार को आंदोलनकारियों के आगे झुकना पड़ा है, जिन्हें खालिस्तानी एवं अलगाववादी बताया जा रहा था। इस निर्णय से हमारा मनोबल गिरा है।
वहीं पीलीभीत से सांसद व भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता वरुण गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा का स्वागत किया। साथ ही, पीएम नरेंद्र मोदी पत्र लिखकर एमएसपी पर कानून बनाने का मुद्दा उठाया है। वरुण गांधी ने कहा कि अगर यह निर्णय पहले ही ले लिया जाता तो इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती।












Click it and Unblock the Notifications