अलीगढ़: रात में सो रही पोती को उठा ले गया दादा, बेटे को सबक सिखाने और पड़ोसी को फंसाने के लिए रची ऐसी साजिश
अलीगढ़। शनिवार को दो साल की बेटी को लेकर मां-बाप रामलीला देखने गए थे। वहां से रात में लौटे दंपति और बच्ची ने खाना खाया। बिजली नहीं होने की वजह से बेटी को लेकर दोनों छत पर सोने चले गए। सुबह जब नींद खुली तो माता-पिता ने देखा कि बच्ची गायब थी। दोनों ने बच्ची को आसपास बहुत तलाशा लेकिन नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया और मामले की छानबीन करने लगी। अभी इस मामले की जांच चल ही रही थी कि मंगलवार को बच्ची का शव एक नाले में मिल गया। अब पुलिस हत्या के एंगल से इस घटना की जांच करने लगी। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की जिसमें बच्ची के दादा पर शक हुआ। दादा से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पोती की हत्या की सारी कहानी पुलिस के सामने उगल दी।

दादा ने की हत्या की प्लानिंग
घटना उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र की है। सफरान मोहल्ला निवासी सत्यदेव मजदूरी कर अपना परिवार पालता है। पुलिस के मुताबिक, सत्यदेव का पिता और कत्ल की गई बच्ची के दादा ने बताया कि वह शराब पीता है। इस वजह से बेटा उससे झगड़ा करता था और डांटता रहता था। वह बेटे की रोज-रोज की डांट-डपट से परेशान था और उसको सबक सिखाना चाहता था। बच्ची के दादा की पड़ोसी से भी रंजिश चल रही थी। वह पड़ोसी से भी बदला लेना चाहता था। उसने बेटे को सबक सिखाने और पड़ोसी को हत्या की साजिश में फंसाने के लिए पोती के कत्ल की योजना बनाई।

बेटे की डांट से था नाराज
बच्ची के दादा ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात में वो चुपके से छत पर चढ़ा और दो साल की पोती को उठाकर ले गया। उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और नाले में फेंक दिया। बच्ची की हत्या केस की तफ्तीश के दौरान जब पुलिस ने दादा से पूछताछ की थी तो उसने पड़ोसी पर शक जताया था। दादा ने कहा था कि पड़ोसी से रंजिश है इसलिए वो बच्ची की हत्या कर सकता है। यह सब दादा की चाल थी। उसके खिलाफ पड़ोसी ने मारपीट का केस दर्ज कराया था। इस वजह से वह खुद पड़ोसी को फंसाने की फिराक में था।

टप्पल में हुई थी ऐसी ही घटना
एसपी ग्रामीण शुभम पटेल ने घटना के बारे में बताया है कि बच्ची के अपहरण और हत्या केस की छानबीन में पता चला कि दादा ने यह काम किया है। बच्ची का दादा शराब पीकर गाली देता था। इस वजह से बेटा उसको डांटता था। पड़ोसी से भी उसकी रंजिश थी। दोनों को सबक सिखाने के लिए आरोपी ने पोती का खून कर दिया। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। अलीगढ़ के टप्पल में कुछ दिन पहले ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें दादा-दादी ने पड़ोसी को मुकदमें में फंसाने के लिए आठ साल की पोती की हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications