Aligarh: 11 माह की मासूम के साथ हैवानियत, पड़ोस के महज 12 वर्षीय किशोर ने दिया वारदात को अंजाम
अलीगढ से एक मात्र 11 महीने की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात ये है कि इस घिनौने अपराध को अंजाम देने वाला पड़ोस का ही 12 वर्षीय किशोर है। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घर में अकेला पाकर खेलने के बहाने आरोपी किशोर ने मासूम के साथ गलत काम किया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी बच्चे को हिरासत में ले लिया।
11 महीने की बच्ची के साथ दुष्कर्म
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप है कि बुधवार शाम को उनकी 11 महीने की मासूम बच्ची घर पर अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला एक बच्चा उनके घर पर आया और मासूम बच्ची के साथ खेलने लगा। खेलने के दौरान ही आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ गलत काम करना शुरू कर दिया। जब बच्ची रोने लगी तो आरोपी वहां से निकल कर अपने घर वापस चला गया।

मासूम की हालत गंभीर
वहीं जब बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें सारी घटना का पता चला और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। साथ ही मासूम को तत्काल अस्पताल ले गए। जहां घटना के बाद से मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। इसके साथ ही पुलिस ने मासूम का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
आरोपी बालक को बाल सुधार गृह भेजा
सीओ प्रथम अभय कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बालक को बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके एलावा मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications