Rajasthan Police Constable: कौन है राजस्थान पुलिस कांस्टेबल पवन मीणा, जिसने सौ पुलिसकर्मियों से ठगे 50 करोड़
Rajasthan Police Constable: राजस्थान के अजमेर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग में कार्यरत कॉन्स्टेबल पवन मीणा ने 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को चकमा देकर करीब 50 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। अजमेर एसपी वंदिता राणा ने सोमवार को पवन मीणा को सस्पेंड कर दिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
ठगी का आंकड़ा चौंकाने वाला
9 अप्रैल 2025 को कॉन्स्टेबल दीपक वैष्णव ने क्लॉक टावर थाने में 1 करोड़ की ठगी का केस दर्ज कराया था। जब भास्कर की टीम ने 12 अप्रैल को थाने में जानकारी जुटाई, तो पता चला कि इसी थाने के 8-10 पुलिसकर्मियों से भी इसी तरह ठगी हो चुकी है।

'जिंदगी बदलने' का सपना दिखाकर उड़ाए करोड़ों
करौली जिले के कोटरा गांव का रहने वाला पवन मीणा, अजमेर पुलिस लाइन में तैनात था। अपने बैचमेट दीपक सहित कई पुलिसकर्मियों से उसने दोस्ती गांठी और फिर उन्हें "चौगुनी कमाई" के सपने दिखाए। कभी नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स में इन्वेस्टमेंट, कभी अनोखी दवा कंपनी तो कभी विदेशी पेड़ बेचकर मुनाफा कमाने की स्कीम - हर किसी को पवन ने अलग-अलग लालच दिया।
भाई भी शामिल, दोनों फरार
इस ठगी में पवन मीणा के साथ उसका भाई कुलदीप मीणा, जो कि एक सरकारी शिक्षक है, भी शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों भाइयों ने मिलकर एक फर्जी कंपनी के जरिए इन्वेस्टमेंट का जाल फैलाया और कई पुलिसकर्मियों से मोटी रकम वसूली।
आरोपी कांस्टेबल की पहचान
- नाम: पवन मीणा
- पद: पुलिस कॉन्स्टेबल
- बेल्ट नंबर: 3108
- पोस्टिंग: पुलिस लाइन, अजमेर
- पता: कोटरा, डेहर, जिला करौली
सपने बेचने वाला कॉन्स्टेबल बना 'मोस्ट वांटेड'
- हाईवे प्रोजेक्ट के नाम पर 10 से ज्यादा पुलिसकर्मियों से पैसे लिए
- दवा कंपनी और विदेशी पेड़ बेचने की स्कीम में अन्य कई पुलिसकर्मी फंसे
- इन्वेस्टमेंट पर चार गुना रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों की ठगी
पुलिस विभाग के अंदर हुए इस घोटाले ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। अब देखना ये होगा कि क्या पुलिस अपनी ही वर्दी पहनकर फरेब करने वाले इस ठग को जल्द पकड़ पाएगी?












Click it and Unblock the Notifications