Prithviraj : अक्षय कुमार की फिल्म में पृथ्वीराज चौहान को राजपूत कहने पर गुर्जर समाज का विरोध
अजमेर, 31 दिसम्बर। अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'पृथ्वीराज' 21 जनवरी को रिलीज होगी। इससे पहले ही फिल्म को लेकर राजस्थान में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। फिल्म में पृथ्वीराज चौहान को राजपूत कहे जाने पर गुर्जर समाज आपत्ति जता रहा है।

कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली
तीन दिन पहले अजमेर में फिल्म 'पृथ्वीराज' को लेकर गुर्जर समाज ने प्रदर्शन किया। गुर्जर समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इतिहास के तथ्यों से खिलवाड़ ना किया जाए
अखिल भारतीय वीर गुर्जर समाज सुधार समिति के अध्यक्ष हरचंद ने बताया कि गुर्जर समाज की की मांग है कि फिल्म पृथ्वीराज का टाइटल बदल कर सम्मानजनक रखा जाए और फिल्म में कहीं भी इतिहास के तथ्यों से खिलवाड़ ना किया जाए जो सत्य है वही दिखाया जाए।

करणी सेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता का तर्क
इधर, मीडिया से बातचीत में श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजेंद्र सिंह शक्तावत का कहना है कि गुर्जर शुरू में गौचर थे, जो बाद में गुज्जर और फिर गुर्जर में बदल गए। वे मूल रूप से गुजरात से आते हैं और इसलिए उन्हें यह नाम मिला है। यह जगह से संबंधित शब्द है न कि किसी जाति से संबंधित।

राजस्थान के इतिहास का बॉलीवुड से गहरा नाता
बता दें कि राजस्थान के इतिहास और बॉलीवुड का गहरा नाता रहा है। राजस्थान के राजा-रजवाड़ों को लेकर पद्मावत, अकबर जोधा समेत तमाम फिल्में बनी हैं। हर किसी फिल्म में निर्माता निर्देशकों पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोप लगते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications