मामा-भांजे कहते थे- जरा एटीएम कार्ड देना भाईसाहब, फिर मिनटों में उड़ा लेते थे अकाउंट से रकम
अहमदाबाद. गुजरात में अहमदाबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड के जरिए रकम चुरा लेने वाले मामा-भांजे को गिरफ्तार किया है। यहां नसीरूद्दीन अंसारी और उसका भांजा सलमान अंसारी दोनों एटीएम पर जाते थे और लोगों से मदद के नाम पर उनका एटीएम कार्ड मांगते थे, कुछ देर बाद उनके अकाउंट से रकम निकाल लेते थे। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने कहा कि वे लोगों से जो एटीएम कार्ड लेते थे उसे अपने फर्जी कार्ड्स से बदल लेते थे और फिर खाते से सारे पैसे निकाल लेते थे।

अहमदाबाद के नरोल पुलिस थाने के इंस्पेक्टर एसए गोहिल के मुताबिक, दोनों के पास से पुलिस को 56 ऐसे एटीएम कार्ड्स मिले हैं, जिन्हें इन्होंने दूसरे लोगों से चोरी किया था। जांच टीम अब इन दोनों से यह पता लगा रही है कि इन्होंने सारी वारदातों को किस तरह से अंजाम दिया। अभी उन्होंने यही कुबूला कि दोनों अच्छे कपड़ों में एटीएम बूथ के अंदर जाते थे और लोगों की मदद करने के नाम पर उनसे कार्ड ले लेते थे। यह लोग इन कार्ड्स को नकली कार्ड से बदल देते थे और फिर पैसों को निकालकर वहां से फरार हो जाते थे।
कई बार ये मामा-भांजे ट्रांजेक्शन के दौरान ही लोगों से कह देते थे कि मशीन में कोई दिक्कत आ गई है और पैसे नहीं निकल पा रहे और जब दूसरे शख्स को इस पर भरोसा हो जाता तो वह मदद के नाम पर उनका कार्ड लेकर दोबारा ट्रांजेक्शन की कोशिश करते थे।












Click it and Unblock the Notifications