अहमदाबाद: कोरोना की दहशत से 1 युवक ने खुद को फांसी लगाई, दूसरे ने तंगी में जान दी
अहमदाबाद। यहां दो जवान व्यक्तियों ने कोरोना महामारी एवं आर्थिक तंगी से डरकर आत्महत्या कर ली। पहली घटना अहमदाबाद शहर के अमराईवाडी क्षेत्र से सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कोरोना की दहशत में फांसी लगाई। वहीं, दूसरी घटना रखियाल क्षेत्र में घटी, जब अन्य युवक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर जान दे दी।
अमराईवाडी पुलिस ने बताया कि, यहां हाटकेश्वर अमराईवाडी क्षेत्र स्थित एकता अपार्टमेंट निवासी 34 वर्षीय शख्स ने शुक्रवार को खुद ही फंदा लगा लिया। पता चला है कि, वो पिछले दस दिनों से बीमार था। बुखार आने पर उसका उपचार करवाया जा रहा था, इसके बावजूद उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं हो रहा था। कोरोना होने की दहशत से उसने मर जाने की ठान ली। बाद में उसकी लाश फंदे पर ही लटके मिली।
उसी प्रकार रखियाल क्षेत्र में रहने वाले 29 वर्षीय एक अन्य नौजवान ने भी अपने घर में फांसी लगा ली। रखियाल पुलिस का कहना है कि, वो आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसी से त्रस्त होकर उसने दिल दहला देने वाला कदम उठाया। हालांकि, स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, अभी एक खबर यह भी आई है कि, नारोल में मोतीपुरा चार रास्ता के निकट रहने वाले 32 वर्षीय शख्स को बिजली ने मार डाला।
गुजरात में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 32 हजार पार, 1 दिन में सामने आ रहे 600 से ज्यादा नए मरीज
नारोल पुलिस ने बताया कि, एक शख्स जो एक कंपनी में ग्रान्डर मशीन पर काम कर रहा था। उसी दौरान टेबल फेन के संपर्क में आने पर उसे करंट लग गया। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। इस प्रकार शहर में तीन युवक विभिन्न कारणों से बेमौत मारे गए।