अहमदाबाद में सोने के बिस्कुट खरीदने आया राजस्थानी व्यापारी, 54 लाख ले भागे फेसबुक फ्रेंड्स
अहमदाबाद। राजस्थान का एक मिठाई विक्रेता 10 प्रतिशत कम दाम में सोना खरीदने के लालच में अपने 54 लाख रुपए गंवा बैठा। वह अपने फेसबुक फ्रेंड्स से सोना लेने अहमदाबाद आया था। जहां उसे चूना लगा दिया गया। उसके वे फेसबुक फ्रेंड्स ठग निकले। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सरखेज पुलिस के मुताबिक, जिस व्यापारी के साथ ठगी हुई है, वो राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ का निवासी है।

10 प्रतिशत कम दाम में सोना देने का वादा
व्यापारी की पहचान राम निरंजन सैनी (40) के रूप में हुई है। एक महीने पहले सैनी की फेसबुक पर अहमदाबाद के एक व्यक्ति सुमित नारंग के साथ दोस्ती हुई थी। फिर उसने अपने अहमदाबाद के दोस्त के साथ मैसेंजर एप्लिकेशन पर चैटिंग शुरू कर दी। एक दिन सैनी ने सुमित नारंग की फेसबुक पोस्ट पर सोने के बिस्कुट की तस्वीरें देखीं। सैनी ने नारंग से पूछा कि वह क्या है, तब नारंग ने बताया कि 10 प्रतिशत कम दाम में सोने के बिस्कुट का व्यापार करता हूं।

'मेरे पास काफी सारे बिस्कुट हैं'
सैनी नारंग के झांसे में आ गया। नारंग ने कहा कि मेरे पास काफी सारे बिस्कुट हैं। तुम कितना खरीदना चाहते हो? तब सैनी ने कहा कि मुझे 2 किलोग्राम बिस्कुट चाहिये। नारंग ने सैनी को कहा कि, तुम पहले सोने के बिस्कुट का सैम्पल देखो, फिर खरीदारी करना। ऐसा कहने पर सैनी सैम्पल देखने के लिये अहमदाबाद आया। जहां सैनी ने जांच किया तो असली पाया और कहा कि, मैं ये बिस्कुट खरीद लूंगा। 29 जून को सैनी दो किलोग्राम सोने के बिस्कुट लेने के लिये फिर से अहमदाबाद आया।

दिखाए बिस्कुट के सैंपल
बिस्कुट लेने के लिये नारंग सैनी को साणंद ले गया, वहां अपने दोस्त बंसी से मिलवाया। सैनी ने सोने के बिस्कुट के लिये नारंग को 23 लाख रुपये नकद की पेशकश की, लेकिन बंसी ने कहा कि यह सौदा उनके और नारंग के लिये बहुत छोटा है। दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे। सैनी ने कहा-मैं पूरे पैसे लेकर वापस आता हूं। सैनी बिस्कुट लिये बिना राजस्थान में अपने घर चला गया।

22 जुलाई को फिर अहमदाबाद आया सैनी
फिर सैनी 22 जुलाई को अहमदाबाद आया, इस बार वह पूरे 54 लाख रुपये लेकर आया था। उसे दो किलोग्राम सोने के बिस्कुट चाहिये थे, वह भी 10 प्रतिशत कम दाम में। नारंग ने सैनी को रुपये के साथ एसपी रिंगरोड पर एक ढाबे में आने को कहा। नारंग ने सैनी के पास से 54 रुपये नकद ले लिये। सैनी को बताया कि, सोना दूसरी कार में पड़ा है, हम लेकर वापस आते हैं।

चकमा देकर भाग गए
कुछ ही मिनटों में दूसरी कार आई, तब बंसी ने सैनी और नारंग को सोने के बिस्कुट का पार्सल दूसरी कार से लेने को कहा। जैसे ही सैनी और नारंग उस कार तरफ मुड़े, अचानक बंसी और नारंग तेजी से कार के अंदर बैठ गये और इससे पहले सैनी कोई प्रतिक्रिया दे, वह अपने ड्राइवर के साथ फरार हो गए। तब सैनी ने सरखेज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सैनी के बयान के बाद नारंग औऱ उसके दोस्त बंसी की तलाश शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications