गर्भवती पत्नी की मौत के लिए डॉक्टर को मानता था दोषी, उसे सालभर बाद पति ने मारी गोली
अहमदाबाद। गुजरात में एक शख्स की बीमार पत्नी की सालभर मौत हो गई थी, उस वक्त जिस डॉक्टर के पास उसे ले जाया गया था, पति उस डॉक्टर को ही पत्नी की मौत का जिम्मेदार मानने लगा। पति को लगता था कि डॉक्टर की वजह से ही उसकी पत्नी की जान चली गई। जिसके कारण पति उस डॉक्टर को मार डालने का मौका ढूंढने लगा। बीते दिनों उसे ऐसा मौका मिल गया, तो पति ने डॉक्टर पर गोली चला दी। हालांकि, गोली डॉक्टर के हाथों में लगी और वह बच गया। जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
संवाददाता के अनुसार, ओढव स्थित कुंवरबा अस्पताल के डॉक्टर मुकेश प्रजापति बैंक जाने के लिए रबारी वसाहत के नजदीक से गुजर रहे थे। तभी बुलेट पर आए विपुल व्यास नामक व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली मुकेश के दाहिने हाथ पर लगने के कारण उसे फौरन अस्पताल भेजा गया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई। बाद में विपुल को पकड़ लिया गया। पुलिस ने विपुल से पूछताछ की तो उसने कहा कि वो डॉक्टर मेरी पत्नी का कातिल है।
बकौल विपुल, ''पिछले साल अगस्त महीने में मेरी पत्नी रूपलबेन को डिलीवरी के लिए मुकेश प्रजापति के अस्पताल लाया गया था। जहां विजिटिंग महिला डॉक्टर द्वारा उसकी मंजूरी के बाद सिजेरियन किया गया। लेकिन बाद में अचानक ही रूपलबेन की स्थिति बिगड़ने लगी। जिसके चलते उनको पहले प्राइवेट और बाद में सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टर मुकेश की ग़लती के कारण ही उसकी मौत हुई।''
पढ़ें: बहन चीखती रही और कमरे में खून बहने लगा, भाभी ने देखा भाई जंजीरों से बांधकर पीट रहा था उसे