गुजरात के 13 आइलैंड्स टूरिज्म स्पॉट में बदल सकते हैं, 1450 किमी लंबी तट रेखा पर हुआ सर्वे
अहमदाबाद। गुजरात के 13 आइलैंड्स टूरिज्म स्पॉट में बदल सकते हैं। राज्य में मौजूद 144 से ज्यादा आइलैंड्स में से पिरोटन, गांधीयाकडो, पनेरो, रोज़ी, आजाद, भादर, शियाल, नोरा, पीराम, वलवोड, आलिया और केडिया बेट की पहचान ऐसे द्वीपों के रूप में हुई है, जहां पर्यटन विकास की संभावनाएं हैं। इन द्वीपों के सर्वे के लिए समुद्री पुलिस और तट रक्षकों की मदद से ड्रोन तकनीक का उपयोग किया गया। जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने स्थलों की सूची सरकार को भेजी। जिसके बाद दो द्वीपों को गहन अध्ययन के लिए चुन लिया गया।
राजधानी गांधीनगर में राज्य के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की अध्यक्षता में पिछले दिनों द्वीप विकास प्राधिकरण की बैठक हुई, जिसमें उपर्युक्त 13 आईलैंड्स से प्रत्येक की विशेषता का जिक्र किया गया। विशेष रूप से पिरोटान और शियाल बेट को लेकर अध्ययन कराया गया। बता दें कि, इन द्वीपों के विकास के लिए इसी साल अगस्त के महीने में द्वीप विकास प्राधिकरण का गठन किया गया था। पर्यटन मंत्री, वन एवं पर्यावरण मंत्री और वरिष्ठ सचिवों के सदस्य वाले इस प्राधिकरण के अधिकारी मुख्यमंत्री भी हैं।
द्वीप विकास प्राधिकरण की बैठक में निष्कर्ष निकला कि न्यू बेडी बंदरगाह की बदौलत पिरोटन द्वीप आसानी से पहुंचा जा सकता है। इस द्वीप में नीम, कथी, आंवला, बाबुल, चेर और अन्य पेड़ हैं और एक लाइट हाउस हैं, जो इसे पर्यटकों के लिए अधिक उपयुक्त बनाते हैं। इसी तरह, शियाल बेट पिपावाव बंदरगाह के पास स्थित है। गोल्डन सैंड द्वीप में स्थानीय ग्राम पंचायत, बिजली और पाइप्ड जलापूर्ति नेटवर्क हैं, जो इसे पर्यटन विकास के लिए उपयुक्त बनाते हैं।