कांग्रेसी विधायक इमरान कोरोना से मुक्त हुए, कुनबे समेत सरदार पटेल हॉस्पिटल में थे भर्ती
अहमदाबाद। गुजरात में जमालपुर-खाड़िया क्षेत्र के विधायक इमरान खेड़ावाला अब ठीक हो गए हैं। उन्हें कोविड-19 से ग्रस्त पाए जाने पर 14 अप्रैल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके बाद उनका परिवार भी संक्रमित हो गया था। उनके 5 सगे-संबंधियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिनमें इमरान के भाई-भाभी, भतीजे और भतीजे की पत्नी शामिल थी। सभी लोग सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए थे।

वर्तमान में इमरान कांग्रेस पार्टी से विधायक हैं। उनमें कोरोना के संक्रमण की पुष्टि दरअसल मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ हुई बैठक के एक दिन बाद हुई। इमरान समेत कांग्रेस एक अन्य विधायक गांधीनगर में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से मुलाकात करने पहुंचे थे। जब अधिकारियों को पता चला कि, इमरान कोरोना से ग्रस्त हैं तो मुख्यमंत्री कार्यालय में हड़कंप मच गया। जिसके चलते मुख्यमंत्री को भी बाद में खुद को अपने आवास में क्वारंटाइन होना पड़ा।

बहरहाल, एसवीपी अस्पताल से जानकारी मिली है कि, इमरान खेड़ावाला की लगातार दो रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इससे पहले जब इमरान की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी तो राज्यवासियों के बीच चर्चा होने लगी कि, गुजरात में कोरोना अब सरकार के द्वार सचिवालय तक पहुंच गया है। उसी दौरान मुख्यमंत्री निवास के साथ-साथ गांधीनगर स्थित सचिवालय के नर्मदा हॉल को भी सैनेटाइज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications