कोरोना से गुजरात में चौथी मौत, सरदार पटेल हॉस्पिटल में भर्ती 46 साल की महिला ने तोड़ा दम
अहमदाबाद. कोरोना वायरस का संक्रमण दिन-दर-दिन फैलता जा रहा है। गुजरात में इसके मरीजों की संख्या 53 हो गई, जबकि 4 लोगों की जान जा चुकी है। यहां अहमदाबाद में कोरोना वायरस से संक्रमित 46 वर्षीय एक महिला की शनिवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि, वह महिला 26 मार्च को सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्पिटल में भर्ती कराई गई थी। वह पहले से ही डायबिटीज पेशेंट थी तथा उच्च रक्तचाप से जूझ रही थी। कोरोनावायरस (COVID-19) से पॉजिटिव पाए जाने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था।
गुजरात में पहली बार कोरोना से 46 साल के मरीज की मौत
46 वर्षीय महिला की मौत के साथ ही गुजरात में कोविद-19 की वजह से होने वाली मौतों की कुल संख्या 4 हो गई। जिनमें से 2 मौतें अहमदाबाद में हुईं और एक-एक मौत भावनगर एवं सूरत में हुई। इससे पहले अहमदाबाद में कोरोना वायरस से 85 साल की वृद्धा की मौत हुई थी। वह वृद्धा विदेश यात्रा से लौटी थी और वह भी कई बीमारियों से जूझ रही थी। राज्य में कोरोना से शनिवार को पहली बार 46 साल के किसी मरीज की जान गई है। इससे पहले इस महामारी से 3 मौतें हुईं, जो सभी उम्रदराज लोग थे।
20 हजार से ज्यादा लोग क्वारंटाइन में
कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रण करने के लिए राज्य भर में 20,102 लोग क्वारंटाइन में हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की प्रधान सचिव जयंती रवि ने शुक्रवार दोपहर को मीडिया को दी थी। उन्होंने बताया कि 20,102 लोग जो क्वारंटाइन में हैं, उनमें से 575 लाग सरकारी क्वारंटाइन में और 19 हजार 377 लोग होम क्वारंटाइन में हैं।
236 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई
जिन लोगों ने क्वारंटाइन को तोड़ा उन पर कार्रवाई की गई है। ऐसे 236 मरीजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जयंती ने कहा कि, राज्य सरकार क्वारंटाइन में रखे मरीजों की सख्त निगरानी कर रही है। यदि लोग नियमों का पालन करें, तो इस महामारी पर जल्द की काबू में लाया जा सकता है।
राज्य में कुल केस 50 पार हुए
जयंती ने बीते रोज यह भी कहा था, "पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात में कोरोना वायरस का एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया। टेस्ट के लिए भेजे गए सभी 11 सैंपल के निगेटिव होने की पुष्टि की गई।" मगर, शुक्रवार शाम फिर 3 नए मरीज मिले। उसके बाद शनिवार तक राज्य में 53 केसेस सामने आए।
गुजरात में आज कोरोना के 3 मरीजों का पता चला, नियंत्रण के लिए 20,102 लोग क्वारंटाइन हुए