गुजरात में केजरीवाल का बड़ा ऐलान- सरकार बनी तो सभी महिलाओं को 1000 रुपए महीना देंगे
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी के लिए जमीन तैयार करने में जुटे आज अरविंद केजरीवाल ने एक और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने अहमदाबाद में कहा कि, हमारी सरकार बनी तो यहां की सभी महिलाओं को 1000 रुपए महीना देंगे। केजरीवाल ने कहा कि, हमारी इस योजना से करोड़ों महिलाओं को फायदा होगा, जिससे करोड़ों परिवारों को मदद मिलेगी।

आमजन को मुफ्त में बिजली-पानी और शिक्षा प्रदान करने के वादे को दोहराते हुए केजरीवाल ने सत्तारूढ़ भाजपा पर भी करारा हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि, पहले लोग कहते थे कि गुजरात बीजेपी का गढ़ है। लेकिन जब हम यहां लोगों से मिले तो पता चला कि लोग डरे हुए और दुखी हैं। केजरीवाल बोले कि, लोग अब बदलाव चाहते हैं...वो बदलाव आम आदमी पार्टी लाएगी।
केजरीवाल ने कहा कि, हमारी फ्री देने वाली योजनाओं पर कुछ लोग कहते हैं कि पैसा कहां से आएगा। मैं आपको एक उदाहरण के साथ बताता हूं कि पैसा कहां से आएगा। हमने पंजाब में कहा कि, हम मुफ्त बिजली देंगे, तब भी लोगों ने कहा था कि पैसा कहां से आएगा। मार्च में पंजाब में हमारी सरकार बनी थी। सरकार बनने के बाद राज्य सरकार को 6 हजार करोड़ और टैक्स मिला। पूरे साल बिजली मुक्त करने के लिए हमें केवल 3 हजार करोड़ रुपए की जरूरत थी और 6 हजार करोड़ का टैक्स सरकार के पास आया, इससे सरकार को 3 हजार का मुनाफा ही हुआ...ऐसा गुजरात में भी हो सकता है।

अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के अगुआ हैं और फिलहाल वह दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं। इसी साल की शुरूआत में उनकी पार्टी ने पंजाब में ऐतिहासिक जीत दर्ज करके सरकार बनाई है। अब उनका ध्यान गुजरात पर है। गुजरात की मौजूदा सरकार उनके निशाने पर है। उन्होंने आज यहां कहा कि, अब ऐसा लगता है कि गुजरात में 27 साल के शासन के बाद लोग बीजेपी को उखाड़ कर नई राजनीति चाहते हैं। दूसरा, मैं कह रहा हूं कि हम बीजेपी और कांग्रेस की तरह नहीं करना चाहते। वे एक-दूसरे के बारे में बातें करते रहते हैं। इससे जनता को कुछ नहीं मिलता। जनता के लिए कल्याणकारी योजनाएं तो हम लाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications