प्रेमी के साथ रहने के लिए पत्नी ने करवा दी पति की हत्या, 3 महीने बाद मिला कंकाल
आगरा। ताजनगरी आगरा के थाना बाह क्षेत्र में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ रहने के लिए प्रेमी को अपने गहने और नकदी देकर पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने प्रेमी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। तीन महीने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पति के कंकाल में तब्दील शव को बरामद कर लिया है।

27 मार्च से लापता था शख्स
जानकारी के मुताबिक, 30 मार्च को सिद्धनाथ पुत्र नेकराम ने तहरीर दी कि 27 मार्च से उनका चचेरा भाई सत्यपाल पुत्र रामप्रकाश सब्जी मंडी से लापता हो गया था। परिजनों ने सत्यपाल की पत्नी सर्वेश और उसके प्रेमी विजय पुत्र रामनिवास पर शक जताया था।पुलिस जांच कर रही थी और इसी बीच उसने पिनाहट क्षेत्र के फरेरा चौराहे से विजय को गिरफ्तार कर लिया।

50 हजार रुपए, गहने दिए
पुलिस की पूछताछ में विजय टूट गया और उसने बताया कि सर्वेश के कहने पर उसने अपने दोस्त सैकि, विपिन और छत्रपाल को अपने साथ शामिल किया। इसके लिए सर्वेश ने उन्हें 50 हजार रुपए और गहने दिए थे। उन लोगों ने बहाने से सत्यपाल को बीहड़ों में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कंकाल बरामद किया और परिजनों ने कपड़े और जूते के आधार पर कंकाल के सत्यपाल का होने की पुष्टि की।

प्रेमी ने घटना के लिए प्रेमिका को ठहराया जिम्मेदार
इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर सैकि और विपिन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि छत्रपाल अभी फरार है। घटना के बाद भी सर्वेश के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखाई दी, जबकि विजय घटना के लिए सर्वेश की जिद को जिम्मेदार बताता दिखाई दिया।












Click it and Unblock the Notifications