यूपी चुनाव: पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया ने दिया BJP से इस्तीफा, बेटे को AAP से लड़ाएंगे चुनाव
आगरा, 18 जनवरी: टिकट ना मिलने से नाराज नेताओं की भगदड़ ने उत्तर प्रदेश की सियासत और गरमा दी है। तो वहीं, अब भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और तीन बार सांसद रहे प्रभु दयाल कठेरिया ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे थे। लेकिन टिकट नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। तो वहीं, अपने बेटे अरुण कांत कठेरिया को वो आम आदमी पार्टी (आप) से चुनाव लड़ाएंगे।

पूर्व सांसद कठेरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह अपने पुत्र अरुणकांत कठेरिया के लिए आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे थे। उन्होंने जब-जब पार्टी से टिकट मांगा, निराश ही किया गया। इसके पहले उन्होंने वर्ष 2014 और 2017 में भी टिकट की दावेदारी की थी, दावा मजबूत होने के बाद भी उन्हें पार्टी ने दरकिनार किया। अब पार्टी ने एक ही समाज के दो लोगों को आगरा की दोनों सुरक्षित सीटों से प्रत्याशी बना दिया है, जबकि पार्टी अपने परंपरागत मतदाताओं की उपेक्षा की है। उन्हें टिकट नहीं देकर कठेरिया समाज का अपमान किया है। अब बेटा अरुण भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगा।
आम आदमी पार्टी से किया नामांकन
पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया के बेटे अरुणकांत कठेरिया को आम आदमी पार्टी ने आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी चौधरी सुरेंद्र सिंह और जिला अध्यक्ष बनै सिंह पहलवान ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। ऐसा बताया जा रहा है कि कठेरिया ने अपने बेटा का नामांकनपत्र भी दाखिल कराया है। हालांकि, प्रभु दयाल कठेरिया ने कहा, वे पार्टी के सदस्य बने रहेंगे।
ये भी पढ़ें:- मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव ज्वाइन कर सकती हैं BJP, चर्चाओं का बाजार गर्म