भूत-प्रेत का चक्कर बताकर तांत्रिक ने महिला को दी ऐसी यातनाएं, वीडियो वायरल
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक तांत्रिक द्वारा इलाज के नाम पर महिला को यातनाएं देने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि मलपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता बुखार, जुखाम और छींक से परेशान थी। ससुरालवालों ने बहू को डॉक्टर के पास ले जाने के बजाए घर पर तांत्रिक को बुला लिया। तांत्रिक ने विवाहित पर भूतप्रेत का साया बताकर उसके बाल पकड़कर पिटाई की। उसके बाल पकड़कर घसीटे और जमीन पर पटक दिया। वीडियो जब महिला के भाई के पास पहुंचा तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला के भाई ने तांत्रिक समेत चार लोगों पर केस दर्ज कराया है।

महिला को यातनाएं देता दिख रहा है तांत्रिक
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कथित तांत्रिक महिला को यातनाएं दे रहा है। वहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं वे खामोश रहते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो थाना पुलिस जांच में जुट गई। वहीं, दूसरी तरफ एक महिला के भाई दिनेश ने पुलिस से संपर्क साधा। दिनेश ने बताया कि वह मथुरा का निवासी है। वीडियो में मारपीट उसकी बहन सीमा के साथ हो रही है। सीमा की शादी सतीश के साथ हुई थी।

करीब 40 दिन पुराना है वीडियो
दिनेश ने बताया कि उसकी बहन-बहनोई फिरोजाबाद में रहते हैं। यह वीडियो करीब 40 दिन पुराना है। बहनोई की तबीयत खराब है। वह अपना इलाज कराने अपनी बहन उमा पत्नी सतीश के घर धनौली आए थे। इस दौरान सीमा की तबीयत भी खराब हो गई। डॉक्टर के बजाए घरवाले तांत्रिक राहुल के पास ले गए। उसने महिला पर ऊपरी चक्कर बता दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, तांत्रिक और ननद हिरासत में
दिनेश ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से उसकी बहन बहुत डरी और सहमी रहती है। पहले उसे भी यह जानकारी नहीं थी कि इतनी मारपीट हुई है। लॉकडाउन के चलते सभी अपने घरों पर थे। जब वीडियो उसके पास आया तो सभी के होश उड़ गए। उसने तय कर लिया कि मुकदमा लिखाएगा। सीओ अछनेरा वीएस वीर कुमार ने बताया कि दिनेश की तहरीर पर तांत्रिक सचिन, ननद उमा उसके बेटे सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि तांत्रिक राहुल और ननद उमा हिरासत में है।












Click it and Unblock the Notifications