मंदिर में थे रिटायर्ड फौजी के खून के छींटे, देवी मां की आंखों से आंसू निकलने की बात सुन दौड़े लोग
Agra news, आगरा। ताजनगरी आगरा में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, सोमवार की सुबह मंदिर में पूजा पाठ करने निकले रिटायर्ड सैन्य कर्मी कहीं लापता हो गए। उनकी चप्पल और कपड़े मंदिर में ही मिले, कुछ खून के निशान भी दिखाई दिए हैं। परिजनों ने मामले में अपनी ही बहू पर आरोप लगाए हैं और अनहोनी की आशंका जाहिए करते हुए पूजा पाठ शुरू कर दी है। पूजा पाठ के दौरान वहां ऐसी अफवाह उड़ रही है कि दुखी होकर मंदिर की देवी मां भी रो रही हैं, जिसके बाद वहां भक्तों का तांता लग गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, सदर थाना क्षेत्र के सोहल्ला निवासी 63 साल के रिटायर्ड सिविल सैन्य कर्मी श्रीप्रकाश घर से पास ही देवी मंदिर के लिए 6 मई सुबह 4 बजे निकले थे।इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजन बहू पर उनको अगवा करने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों को मंदिर में खून के निशान दिखाई दिए हैं और उनके जूते भी इधर-उधर मिले हैं।
देवी मां की प्रतिमा से आंसू निकलने की अफवाह
परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी है और अनहोनी की आशंका से सबने मंदिर में पूजा पाठ शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि मंदिर श्रीप्रकाश ने ही बनवाया था और वो रोज सुबह खुद जाकर सबसे पहले पूजा करते थे। इसके बाद आज वहां यह अफवाह फैल गई कि अपने भक्त पर संकट देखकर मंदिर में देवी मां की प्रतिमा से भी आंसू निकलने लगे हैं। इस अफवाह के बाद वहां लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। लोगों ने कहा कि अपने भक्त के लिए माता भी रो रही है।