Priyanka Mishra Agra : अब सिपाही नहीं आगरा की प्रियंका मिश्रा, जानिए सालभर भी क्यों नहीं कर पाईं नौकरी
आगरा, 13 सितंबर: एक छोटी सी भूल जिंदगीभर का मलाल बनकर रह जाती है। ताजनगरी आगरा में तैनात महिला सिपाही प्रियंका मिश्रा के साथ भी ऐसा ही हुआ। वर्दी में सरकार रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना प्रियंका मिश्रा के लिए उनकी जीवन की सबसे बड़ी भूल साबित हुआ। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से परेशान प्रियंका को न सिर्फ मानसिक उत्पीड़न से गुजरना पड़ा, बल्कि उनकी नौकरी भी चली गई। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
Recommended Video

एक साल पहले ही हुई थी प्रियंका की पुलिस विभाग में भर्ती
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में रहने वालीं प्रियंका मिश्रा वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुई थीं। उनकी ट्रेनिंग झांसी में हुई थी। प्रियंका की पहली तैनाती आगरा के थाना एमएम गेट में हुई थी। पिछले दिनों प्रियंका ने एक वीडियो बनाया। यह वीडियो वर्दी में रिवॉल्वर के साथ था। वीडियो में कॉन्स्टेबल प्रियंका मिश्रा रंगबाजी में यूपी की तुलना पंजाब और हरियाणा से करती दिखीं। वीडियो में प्रियंका पुलिस की वर्दी पहनी हुई थीं और हाथ में रिवॉल्वर लहरा रही थीं।

'रंगबाजी क्या होती है, हम तुम्हें बताते हैं'
बैकग्राउंड में चल रहे ऑडियो में था, 'हरियाणा-पंजाब तो बेकार ही बदनाम है, आओ कभी उत्तर प्रदेश। रंगबाजी क्या होती है, हम तुम्हें बताते हैं।'' 22 सेकेंड के इस वीडियो में प्रियंका रिवॉल्वर के साथ ही नजर आईं। प्रियंका का यह वीडियो रातोंरात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंस्टाग्राम पर वीडियो व्यूज तेजी से बढ़ने लगे। मामता बढ़ता देख प्रियंका ने वीडियो को डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

लाइन हाजिर प्रियंका ट्रोलर्स से हुईं परेशान
प्रियंका का वीडियो अधिकारियों तक पहुंच गया, जिसके बाद उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। वह पुलिस लाइन में ड्यूटी दे रही थीं। उधर, सोशल मीडिया में प्रियंका मिश्रा को ट्रोलर्स ने ट्रोल करना शुरू कर दिया। उनपर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाने लगा। सोशल मीडिया में ट्रोलिंग से परेशान प्रियंका ने आखिरकार 31 अगस्त को इस्तीफा दे दिया।

प्रियंका का इस्तीफा मंजूर, अब नहीं रहीं सिपाही
एसएसपी मुनिराज जी ने बीते रविवार को प्रियंका का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। प्रियंका का कहना था कि सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट से परेशान होकर वह इस्तीफा दे रही हैं। इस्तीफा मंजूर होने के बाद अब वह ड्यूटी नहीं कर पाएंगी। अब प्रियंका मिश्रा महिला सिपाही नहीं रहीं।












Click it and Unblock the Notifications