India Pakistan Tension: भारत-पाक तनाव के बीच आगरा में सेना और पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, ड्रोन उड़ाने पर लगा बैन
India Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब ताजनगरी आगरा में भी साफ दिखाई दे रहा है। शहर में सेना और एयरफोर्स की हलचल के बीच सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। बीती रात पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
एयरफोर्स परिसर से सटे इलाकों में पुलिस ने सघन चेकिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार को शाहगंज क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एक युवक को हिरासत में लिया गया। आर्मी इंटेलिजेंस और अन्य खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

खेरिया एयरबेस और अन्य सैन्य ठिकानों के आसपास कड़ी चौकसी की जा रही है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने आधी रात में बैठक कर अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। शहर में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
संदिग्ध युवक हिरासत में, घंटों चली पूछताछ
शुक्रवार सुबह पथौली इलाके में एक चाय के खोखे के पास संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को एयरफोर्स जवानों ने पकड़ा। उसकी दाढ़ी बढ़ी हुई थी और हाथ में कुछ कागज थे, जिन पर अजीबो-गरीब चित्र बने थे।
युवक की पहचान ओडिशा निवासी लक्ष्यजीत महंतो के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे शाहगंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया। आईबी, एलआईयू और मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने उससे गहन पूछताछ की है। अब उसकी बातों की पुष्टि की जा रही है।
शहर में चौकसी बढ़ाई, छतों पर ड्यूटी
एयरफोर्स परिसर के आसपास छतों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। कई घरों की छतों से रनवे दिखता है, ऐसे में पुलिस ने आसपास के लोगों से बातचीत कर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया है।
लोगों से कहा गया है कि सेना की किसी भी गतिविधि का वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर साझा न करें। रातभर पुलिस टीमों ने इलाके में गश्त की और चेकिंग अभियान चलाया।
सेना के ठिकानों के पास सुरक्षा घेरा मजबूत
आगरा के मलपुरा स्थित ड्रोपिंग जोन और सदर इलाके में मौजूद सैन्य कार्यालयों के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे पुल, जलकल और पावर ग्रिड जैसे अहम स्थानों पर भी पुलिस सक्रिय है।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि ताजमहल की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मॉक ड्रिल और पैदल मार्च के जरिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा को परखा जा रहा है।
किरायेदारों का सत्यापन और साइबर अलर्ट
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत सूचना दें। किसी मकान में हाल ही में नया किरायेदार आया है तो उसकी जानकारी पुलिस को दी जाए।
लोगों से यह भी कहा गया है कि अनजान लिंक न खोलें और किसी भी तरह के फर्जी फंडिंग मैसेज पर भरोसा न करें। सैन्य गतिविधियों से जुड़ी किसी भी फोटो या वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है। अगर किसी इलाके में ड्रोन नजर आता है तो तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर जानकारी दें। बैठक में एडीसीपी आदित्य, डीसीपी अतुल शर्मा, डीसीपी सैयद अली अब्बास और एसीपी विनायक भोसले भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications