आगरा: जीजा के कमरे से आवाज सुन पहुंची साली तो देखा ये खौफनाक मंजर
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार की देर शाम उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक शख्स ने अपनी पत्नी की गोली माकर हत्या कर दी। घटना का अंजाम देने के बाद शख्स ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर सुमन की बहन प्रीति छत पर गई, तो दोनों के शव खून से लथपथ कमरे में पड़े थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, मामला आगरा जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गढ़ी जहान सिंह गांव का है। यहां संजय अपनी पत्नी सुमन और दो बच्चों के साथ रहता है। बता दें कि संजय और सुमन की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। सुमन की बहन प्रीति की शादी संजय के भाई के साथ हुई थी। दोनों बहनें एक ही घर में रहती हैं। मंगलवार की शाम को संजय ने गुस्से में आकर पत्नी सुमन को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद संजय ने खुद को भी गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज पर गई थी छत पर
गोली चलने की आवाज सुनकर सुमन की बहन प्रीति छत पर गई, तो दोनों के शव खून से लथपथ कमरे में पड़े थे। उसने यह बात नीचे आकर परिवार के अन्य लोगों को बताई, तो चीख-पुकार मच गई। उस समय संजय के पिता आगरा काम करने गए थे। वह राज मिस्त्री का काम करते हैं। छोटा बेटा शिव भी राजमिस्त्री है। संजय मजदूरी करता था। सूचना पर सीओ फतेहाबाद प्रभात कुमार, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार निर्वाल मौके पर पहुंच गए।
कमरे में टूटी मिली चूड़ी
शमसाबाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया है कि कमरे में चूड़ी टूटी मिली। जिससे ऐसा लगता है कि वारदात से पहले पति-पत्नी में झगड़ा भी हुआ था। एसओ की मानें तो संजय अपनी पत्नी सुमन पर शक करता था। इसी से दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। बताया कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।