आगरा: फांसी के फंदे पर लटका मिला पति-पत्नी का शव, 18 जनवरी को हुई थी शादी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गोपाल वर्मा और उसकी पत्नी प्रिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि 18 जनवरी को ही उनकी शादी हुई थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

जानकारी के मुताबिक, मामला आगरा जिले के शाहगंज की रामस्वरूप कॉलोनी का है। यहां ओम प्रकाश वर्मा की किराना की दुकान है। उनका बड़ा बेटा गोपाल (22) अलबतिया में पूजा ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाता था। उसकी शादी 18 जनवरी को फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी प्रिया (21) पुत्री योगेंद्र के साथ हुई थी। दोनों घर के फस्ट फ्लोर पर दो कमरों में रहते थे। ग्राउंड फ्लोर पर गोपाल के माता-पिता, बहन मोनिका, शालू और भाई हरिओम रह रहे हैं। बता दें कि एक बहन पूजा की शादी हो चुकी है। वह जयपुर में रहती है।
गोपाल की बहन मोनिका ने बताया कि भाई और भाभी मंगलवार सुबह जागे थे। सुबह 9:30 बजे गोपाल घर के बरामदे में खड़ी बाइक बाहर निकालने आया। इसके बाद अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद वह भाई और भाभी को ढोकला देने गई। दोनों ने ढोकला ले लिया। इसके बाद वह नीचे आ गई। आधे घंटे बाद फिर कमरे में गई। मगर, कमरे का गेट बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुला। इस पर खिड़की से झांक कर देखा। कमरे में पंखे के कुंडे से फांसी पर गोपाल और प्रिया लटके हुए थे।
यह देख उसकी चीख निकल गई। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले परिजन और पड़ोसी आ गए। उन्होंने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। गोपाल की मौत हो चुकी थी, प्रिया की सांसे चल रही थी। इस पर उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर थाना शाहगंज पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गोपाल के पिता ओम प्रकाश और मां गुड़िया को पकड़ लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रिया के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला है। इसका कारण अभी पता नहीं चला है।