सीएम योगी ने कहा-मेट्रो प्रोजेक्ट से आगरा में पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन, शुभारंभ के लिए पीएम मोदी को कहा आभार
आगरा। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शुभारंभ किया। वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो रेल के जरिए पुरातन शहर से आधुनिकता का आयाम जुड़ रहा है और आगरा 21वीं सदी में आगे बढ़ने के लिए तैयार हो रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट आगरा के सार्वजनिक परिवहन को एक नए युग में ले जाएगा। आगरावासियों को इसके लिए बधाई देते हुए सीएम योगी ने कहा कि इससे शहरवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।

8379.62 करोड़ रुपए की लागत से आगरा में मेट्रो रेल परियोजना को पूरा कर चलाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की योजना के मुताबिक, दो साल बाद आगरा में मेट्रो रेल सेवा शुरू हो जाएगी। आगरा मेट्रो के कॉरिडोर्स के जरिए शहर के 4 प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस डिपो, कॉलेजों, प्रमुख बाजारों और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ा जाएगा। योजना के पहले चरण को पूरा करने के लिए योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को दिसंबर 2022 का लक्ष्य दिया है। इसके तहत दिसंबर 2022 से सिकंदरा और ताज ईस्ट गेट कॉरिडोर का निर्माण कर परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। सबसे पहले ताज ईस्ट से जामा मस्जिद के बीच 6 किलोमीटर का ट्रैक तैयार किया जाएगा। इस 6 किलोमीटर के भाग में कुल छह मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। ताज ईस्ट, बसई, फतेहाबाद मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड होंगे जबकि ताज महल, आगरा फोर्ट और जामा मस्जिद अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन होंगे।
मेट्रो रेल पथ का दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर की लंबाई 15.4 किलोमीटर होगी। इसमें कुल 14 स्टेशन होंगे। आगरा कैंट, सदर बाज़ार, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरिपर्वत चौराहा, संजय प्लेस, एमजी रोड, सुल्तानगंज क्रासिंग, कमला नगर, रामबाग़, फ़ाउंडरी नगर, आगरा मंडी और कालिंदी विहार पर मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। मेसर्स सैम (इंडिया) बिल्टवेल प्राइवेट लिमिटेड को आगरा मेट्रो रेल परियोजना के पहले भाग में ताज ईस्ट से जामा मस्जिद के बीच निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। मेट्रो रेल परियोजना से आगरा शहर को एक अत्याधुनिक और वैश्विक स्तर का मास रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम (एमआरटीएस) मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications