सपा विधायक को गोवा में मुजरा देखना पड़ा महंगा, सदस्यता समाप्त करने की मांग
लखनऊ। गोवा में एक डांस बार में मंगलवार को रंगरेलिया मनाते गिरफ्तार किए गए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक महेंद्र सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की विपक्ष ने एक सुर से मांग की है। विपक्षी दलों ने कहा है कि सपा विधायक की करतूत से पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमरनाथ अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि राजनीति में ऐसे आचरण के लोगों की कतई गुंजाइश नहीं है। हमारी मांग है कि विधानसभा अध्यक्ष इस मामले का संज्ञान लेकर आरोपी सपा विधायक की सदस्यता समाप्त करें।
राष्ट्रीय लोक दल(रालोद) के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली विधानसभा के एक सदस्य ने दूसरे राज्य में जाकर उत्तर प्रदेश को बदनाम किया है। उन्हें अब विधानसभा सदस्य बने रहने का कोई हक नहीं है। हमारी मांग है कि विधानसभा अध्यक्ष इस मामले का संज्ञान लें और सपा विधायक की सदस्यता समाप्त करें। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने संवाददाताओं से कहा कि सपा के किसी विधायक या नेता द्वारा इस तरह का आचरण कोई पहली बार नहीं है।