मोदी को देश की जनता नहीं स्वीकारेगी: कांग्रेस
पटना। बिहार कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा है कि जब नरेंद्र मोदी को उनकी पार्टी में ही एक नेता के तौर पर स्वीकृति नहीं मिल पा रही है तो देश की बाकी जनता उन्हें कैसे स्वीकार करेगी? और जैसे जैसे भाजपा के भीतर ही मोदी की खिलाफत हो रही है, उससे तो यही कहा जा सकता है कि भाजपा टूट की कगार पर है।
गौरतलब है कि भाजपा नेता और पूर्व अभिनेता शत्रुघ्न सिंहा ने कहा था कि भाजपा में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार लाल कृष्ण आडवाणी को ही घोषित करना चाहिए और आज उन्होने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त बताया है। इसके अलावा भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता राम किशोर सिंह ने मोदी की नेतृत्व क्षमता पर संदेह जताया है। उन्होने भी नीतीश की तारीफ करते हुए कहा था कि नीतीश की वजह से भी भाजपा पिछले विधानसभा चुनाव में 35 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस, भाजपा में मोदी के खिलाफ बने माहौल का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा के कई नेता भी पार्टी के लिए भितरघाती साबित हो रहे हैं। मोदी को ही अघोषित तौर पर भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार माना जा रहा है जिसका पार्टी में विरोध हो रहा है। इसके पहले गोवा में हुई कार्यकारिणी बैठक में मोदी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाये जाने पर वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications