मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी भोपाल में बारिश के बाद भदभदा बांध लबालब हो गया है और 17 वर्ष बाद ऐसा मौका आया है जब जुलाई माह में पानी छोड़ने के लिए बांध के गेट खोलने पड़े हैं।
राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हर तरफ औसत से कहीं ज्यादा बारिश हो चुकी है। बुधवार को भी राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों मे भेापाल में 8.3 मिलीमीटर, इंदौर में 15.2 मिलीमीटर, ग्वालियर में 1.5 और जबलपुर में 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी भोपाल में लगातार बारिश के चलते बड़े तालाब का जलस्तर 1666.60 फुट पर पहुंच गया है और भदभदा बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। कहा जा रहा है कि 17 वर्षो में पहली बार यह मौका आया है जब जुलाई माह में ही भदभदा बांध के गेट खोलने पड़े हैं।
मौसम में लगातार जारी बदलाव के चलते तापमान में भी उतार चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 32.3 व न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का अधिकतम 29 व न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का अधिकतम 35.2 व न्यूनतम 27.1 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 33.1 व न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications