'युवाओं के दम पर दोहराएंगे 1991 का इतिहास'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय का कहना है कि वर्ष 2014 के चुनाव में उनकी पार्टी वर्ष 1991 के अपने शानदार इतिहास को एक बार फिर दोहराएगी, और अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण होगा। राय ने विशेष बातचीत में कहा कि राज्य में युवा इकाई के दम पर एक बार फिर भाजपा उठ खड़ी होगी और वर्ष 1991 के प्रदर्शन को दोहराया जाएगा।
राय ने कहा, "भाजपा की केंद्रीय चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान 23 जुलाई से शुरू हो गया है। हमें राज्य में 10 लाख युवाओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन हमने इससे आगे जाकर तीन महीने में 20 लाख सदस्य बनाने का मानक निर्धारित किया है।" राय ने कहा, "जिस दिन हमने 20 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया, उसी दिन यह तय हो जाएगा कि उप्र में भाजपा अपना पुराना प्रदर्शन दोहराने में पीछे नहीं रहेगी। 20 लाख सदस्य बनाना काफी चुनौतीपूर्ण काम है, लेकिन इस अभियान को हर हाल में अमली जामा पहनाया जाएगा।"

बकौल राय, "23 जुलाई को सूबे के 55 जिलों में एक साथ सदस्यता अभियान शुरू हुआ। इस अभियान के पहले दिन ही जिस तरह की रिपोर्ट मिली, उससे वह काफी उत्साहित हैं। हर जगह सदस्यता अभियान के आवेदन पत्र कम पड़ गए।"
सदस्यता अभियान के बारे में राय ने कहा कि उनकी कोशिश समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने की है। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य युवा सफाईकर्मियों, वार्ड स्तर एवं ग्राम स्तर पर संविदा कर्मियों, युवा टीईटी अभ्यर्थियों, आयुष चिकित्सकों, युवा वकीलों और पंचायत रोजगार सेवकों को पार्टी की सदस्यता अभियान से जोड़ना है।" उन्होंने कहा कि इसके अलावा युवा चिकित्सकों, युवा इंजीनियरों, डिग्री कॉलेजों के युवाओं, नसिर्ंग के छात्रों, युवा अस्पताल कर्मियों, मेडिकल कॉलेजों के युवाओं के साथ ही युवा व्यवसायियों को भी पार्टी से जोड़ा जाएगा।
यह पूछे जाने पर कि किसी युवा को पार्टी से जोड़ने के लिए उसे विश्वास में कैसे लेंगे, उन्होंने कहा, "केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली पूर्व राजग सरकार की उपलब्धियों और राज्य में कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान किए गए कार्यों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा और हमें विश्वास है कि इसी के दम पर हम युवाओं को पार्टी से जोड़ने में सफल साबित होंगे।"
राय ने कहा कि भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने सूबे के लगभग सभी जिलों का दौरा किया है। दौरे के बाद उन्होंने अपनी टीम बनानी शुरू कर दी है, और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में राय ने कहा, "युवा संगठन में योग्य लोगों को ही शामिल किया जा रहा है। मेरे ऊपर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। लोगों के कामकाज और क्षमता के आधार पर ही महत्वपूर्ण पद दिए जाएंगे।"
इंडो-एषियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications