मोदी का समर्थन न तो आज करते हैं न आगे करेंगे: ममता बनर्जी
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने एक भाषण में कहा है कि वह मोदी को न तो आज समर्थन दे रही हैं और न ही आगे कभी देंगी। इसके अलावा उन्होने माकपा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि माकपा ने मुस्लिम वोट पाने के लिए गुजरात दंगा पीडि़त कुतुबुद्दीन अंसारी को कोलकाता बुलाया और फिर उन्हें किनारे कर दिया। उन्होने कहा कि हमने अल्पसंख्यकों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आवंटित बजट में 73 फीसदी का इजाफा किया है और मुस्लिमों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं।
ममता ने कांग्रेस और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताये और कहा कि अभी तक कांग्रेस ने मोदी के बारे में कुछ नहीं कहा लेकिन जैसे जैसे चुनाव आ रहे हैं, कांग्रेस मोदी पर हमले कर रही है। वहीं भाजपा जब चुनाव आते हैं तो सांप्रदायिकता फैलाती है। जनता को हिंदू और मुस्लिम मुद्दे पर बांटती है। सच तो यह है कि मोदी और कांग्रेस एक जैसे ही है। उन्होने मोदी की पीएम पद की उम्मीदवारी पर कहा कि राष्ट्रीय नेता वही हो सकता है जिसे सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त हो।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने संचार, बीमा और रक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में एफडीआई की निंदा की है और कहा है कि रक्षा क्षेत्र में विदेशी निवेश देश की सुरक्षा के साथ समझौता है। ममता ने अपने भाषण में दावा किया है कि हम मुस्लिमों के पिछड़ेपन को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications