माया को जलाने के लिये सांसद ने जानबूझ कर जपा नमो-नमो
लखनऊ (नवीन निगम)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में बयान देने वाले सांसद विजय बहादुर सिंह की बहुजन समाज पार्टी से छुट्टी कर दी गई है। पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। यह सब अचानक नहीं हुआ। असल में विजय बहादुर ने मोदी की तारीफ मायावती को जलाने के लिये जानबूझ कर की।
दरअसल विजय बहादुर बहुत दिनों से बसपा से निकलने की फिराक में थे और मौका तलाश रहे थे। क्योंकि मौका हाथ नहीं आ रहा था तो उन्होंने जानबूझकर मौका बनाया। यह बात तो विजय बहादुर भी जानते थे कि मोदी के बयान का बचाव करना बसपा को कभी सहन नहीं होगा और वह उन्हें पार्टी से निकाल देंगी, लेकिन ऐसा करने से उनकी सदस्यता बची रहेंगी और भाजपा से अब लडऩा भी तय है। विजय बहादुर ने सबकुछ सोचसमझकर किया था यह इस बात से ही पता चलता है क्योंकि बीएसपी से निकाले जाने के बाद विजय बहादुर सिंह ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की उम्मीद थी। विजय बहादुर सिंह इस समय हमीरपुर से सांसद हैं।

गुजरात दंगों के दौरान अपने फैसलों को सही ठहराने के लिए कुत्ते के बच्चे की मौत का उदाहरण देने के बाद चौतरफा हमलों और आलोचनाओं से घिरे नरेंद्र मोदी को अप्रत्याशित तौर पर बसपा सांसद विजय बहादुर ने समर्थन किया। विजय बहादुर सिंह ने कहा था कि कुत्ते के बच्चे के उदाहरण से गुजरात के सीएम की संवेदनशीलता का पता चलता है। हमीरपुर से सांसद विजय बहादुर सिंह ने कहा था कि अगर मोदी कहते हैं कि उन्हें कुत्ते के बच्चे की अपनी कार के नीचे कुचलकर मौत होने से भी दुख होगा, तो इसका मतलब है वह संवेदनशील व्यक्ति हैं। मोदी का जवाब बहुत सीधा था। लिहाजा, उनके बयान को तोड़मरोड़ कर पेश नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा था कि मोदी का विरोध करने वाले सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश कर रहे हैं। विजय बहादुर के बयान की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि मायावती ने हाल में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में मोदी को खरी खोटी सुनाई थी। मोदी का समर्थन करने के बाद बसपा में विजय बहादुर की मुश्किलें बढ़ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications