नई खोज: बिना खून निकाले होगा शुगर टेस्ट
फैजाबाद। यदि आप मधुमेह के मरीज हैं, तो हर हफ्ते या फिर हर तीन दिनों में आपको ब्लड शुगर की जांच करवानी पड़ती होगी, जाहिर है उसके लिये आपकी उंगली में सुई चुभोकर खून भी निकाला जाता होगा। जल्द ही एक ऐसी तकनीक आने वाली है, जिससे बिना रक्त निकाले ब्लड शुगर की जांच हो जायेगी। आप यह पढ़कर हैरान हो जाएंगे, कि यह जांच किसी और से नहीं बल्कि बच्चों के खेलने वाली लेज़र टॉर्च से होगी।
जी हां बस फर्क इतना होगा कि इस टॉर्च में पोलराइज्ड यानी ध्रुवीकृत लेज़र किरणें होंगी, जो नुकसान नहीं पहुंचाती हैं। यह खोज है डा. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, फैजाबाद के भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रोफेसर नरेश चौधरी की। डा. चौधरी ने वनइंडिया से खास बातचीत में बताया कि उनका यह शोध अपना पहला चरण पूरा कर चुका है। लेबोरेटरी टेस्ट किये जा रहे हैं, जिनमें अब तक सफलता प्राप्त हुई है। सरकार से अनुमति मिलने के बाद इसे क्लीनिकल टेस्ट के लिये भेजा जायेगा और वहां सफलता मिलने के बाद इस पर अंतिम मुहर लग जायेगी। उसके कुछ समय बाद यह प्रॉडक्ट बाजार में आ जायेगा। इसकी कीमत एक लाख रुपए तक की होगी, जिसे खरीदने के बाद कोई खर्च नहीं आयेगा।
कैसे ब्लड टेस्ट करेगी लेज़र बीम

डा. चौधरी ने बताया कि बच्चों के खिलौने में इस्तेमाल होने वाली लेज़र टॉर्च के जैसी ही लेज़र टॉर्च होगी, जिसमें पोलराइज्ड किरणें निकलेंगी। इन किरणों को त्वचा के ऊपर डाला जायेगा और शरीर से निकलने के बाद किरणों में कितना ध्रुवीकरण हुआ, उसके आधार पर ब्लड शुगर मापा जायेगा।
डा. चौधरी ने बताया कि इस खोज को उन्होंने पिछले साल अपनी इस खोज को लंदन में आयोजित एडवांस टेक्नोलॉजी फार ट्रीटमेंट ऑफ डायविटिक की कांफ्रेंस में प्रस्तुत किया। उसके अलावा उत्तर प्रदेश डायबटीज एसोसिएशन के दो सेमिनारों में भी यह रिसर्च प्रस्तुत किया जा चुका है। डॉक्टरों ने इस रिसर्च पर सहमति भी जतायी। यहां तक इस शोध के लिये गोल्ड मेडल भी मिला। डा. नरेश चौधरी ने बताया कि इस लेज़र तकनीक का परीक्षण फैजाबाद विश्वविद्यालय के अलावा आईआईटी समेत कई बड़े संस्थानों की प्रयोगशालाओं में भी किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications