उत्तराखंड में आफत, बादल फटने से 50 लोग बहे
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों के मन में डर बैठा दिया है। भारी बारिश की वजह से करीब 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं पूरे उत्तराखंड में बादल फटने की वजह से 50 से ज्यादा लोग बह गए हैं। उऩका कोई पता-ठिकाना नहीं चल रहा है।
बारिश लगातार दो दिनों से जारी है तथा मौसम विभाग ने आगे भी गरज के साथ बौछारें पड़ने की सम्भावना जताई है। अधिकारियों के मुताबिक, रामबाड़ा में बादल फटने से 50 लोग लापता हो गए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले इलाकों में रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी भी शामिल हैं।
जहां मंदाकिनी नदी अपने उफान पर है और नदी का पानी रामबाड़ा के बाजार में घुस गया है। जहां अधिकारी पानी में बहे लोगों के आंकड़े बताने से इंकार कर रहे है वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि 24 से अधिक लोग पानी की धारा के साथ बह गए हैं।

भारी बारिश को देखते हुए चार धाम की यात्रा रुक गई है तथा हजारों श्रद्धालु बद्रीनाथ, गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री के रास्ते में फंस गए हैं। एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "आगे और बारिश तथा भूस्खलन की आशंका के बीच चार धाम की यात्रा और हेमकुंठ साहब की यात्रा रोक दी गई है।"
केदारनाथ और गौरीकुंड में राहतकार्य एवं फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि गंगा भागीरथी और अस्सी गंगा उफान पर है और हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान पर पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications