राजग से अलग होगी जदयू: सूत्र
नई दिल्ली। लाल कृष्ण आडवाणी के इस्तीफा लेने के बाद अभी तक राजनीतिक तूफान थमा नहीं है। आ रही खबरों के मुताबिक घटक दल जनता दल यूनाइटेड ने राजग से अलग होने का फैसला कर लिया है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाये जाने से नाराज है। सूत्रों के अनुसार जदयू का कहना है कि वह राजग में तभी वापसी कर सकती है जब प्रधानमंत्री पद के लिए आडवाणी का नाम आगे लाया जाय।
बताया जा रहा है कि कल पार्टी की बैठक में यह निर्णय लिया। नीतीश पहले भी मोदी का विरोध कर चुके हैं। ऐसे में एनडीए की मुश्किलें ही बढ़नी है, वहीं मोदी का प्रधानमंत्री बनना भी बेहद मुश्किल हो जाएगा।

इस घटना से राजग की मुश्किलें बढ़ जायेंगी। गौरतलब है कि गोवा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में आडवाणी इसीलिए शामिल नहीं हुए थे क्योंकि वह मोदी को प्रचार समिति का चेयरमैन बनाये जाने के खिलाफ हैं। उन्होने इस बात की अनदेखी होने पर पार्टी के तीन प्रमुख पदों से इस्तीफा भी दे दिया था लेकिन कई वरिष्ठ नेताओं के समझाने पर उन्होने अपना इस्तीफा वापस लिया। बताया जाता है कि आडवाणी खुद को प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में देखते हैं। अब जदयू के अलग होने के बाद इस पर भाजपा में मंथन जरूर होगा।
लोकसभा चुनाव 2014 में हैं जिसके लिए पीएम पद की जद्दोजहद अब भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications