जो भी मेरी तारीफ करता है उसे आयकर विभाग का नोटिस मिल जाता है: मोदी
अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा है कि जो भी मेरे काम की तारीफ करता है, उसे आयकर विभाग का नोटिस मिल जाता है। उन्होने कहा कि अभी इंफोसिस के संस्थापक एन नारायणमूर्ति ने मेरे काम की प्रशंसा की तो आयकर विभाग ने उन्हें 500 करोड़ का नोटिस दे दिया।
उन्होने केंद्र सरकार पर सरकारी संस्थानों को अपने हित के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। मोदी अहमदाबाद में एक सभा में बोल रहे थे। उन्होने कहा कि मैं सुन नहीं पाया कि इंफोसिस के कार्यकारी सह अध्यक्ष क्रिस गोपालकृष्णन ने मेरी प्रशंसा की या आलोचना, लेकिन मुझे अगले दो दिनों में पता चल जायेगा क्योंकि मेरी तारीफ करने वाले को आयकर विभाग का नोटिस मिल जाता है।

मोदी ने सोशल मीडिया को लोकतंत्र का पांचवा स्तम्भ बताते हुए इसे आम जनता की आवाज कहा है। उन्होने कहा कि जो नेता सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की बात कर रहे हैं वो आपातकाल के दौर से निकले हैं। जब मीडिया सत्ता के सामने झुक गया था। इसलिए ये लोग सोशल मीडिया को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। जबकि सैकड़ो टन अखबार मेरी आलोचनाओं से भरे पड़े हैं लेकिन मैंने कभी भी इनकी आवाज को दबाने का प्रयास नहीं किया। मोदी ने कहा कि कई बार समाचार पत्रों ने कुछ मुद्दों को छोड़ा पर सोशल मीडिया के दबाव में इन्हें फिर से अखबारों में जगह दी गई। मैं कई बार अलग-अलग मुद्दों पर जानने के लिए सोशल मीडिया में अखबारों को देखता हूं और लोगों की राय जानता हूं।
उन्होने संप्रग सरकार की निंदा करते हुए कहा कि अब कांग्रेस का भ्रष्टाचार का गिलास पूरी तरह से भर गया है। इसमें विश्वास के लिए कोई जगह ही नहीं बची है। सच तो यह है कि सरकार के भ्रष्टाचार के कारण ही योजना निर्माण प्रक्रिया को लकवा मार गया है और अब इसे सुधार की जरूरत है।
मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस की निंदा की और सोशल मीडिया के महत्व को स्वीकारा और बताया कि आलोचना न सुन पाने वाले नेता लोगों को ब्लॉक कर देते है।












Click it and Unblock the Notifications