दुनिया के 500 शक्तिशाली लोगों में सोनिया-मनमोहन भी शामिल
फॉरेन फॉलिसी नामक इस मैंगजीन में इन दोनों के अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम, रक्षा मंत्री एके एंटनी, विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का नाम भी है। राजनीति के अलावा इस मैंगजीन में आध्यात्मिक गुरु बाबा रामदेव और श्रीश्री रविशंकर को भी शामिल किया गया है। 500 मोस्ट पावरफुल पीपुल ऑन द प्लानेट नामक इस सूची में हर क्षेत्र से प्रभावशाली शख्सियतों को शामिल किया गया है। इसमें रिलायंस समूह के मुकेश अंबानी और आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी मित्तल जैसे दो भारतीय उद्योगपतियों के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का भी नाम है।
भारत के अलावा पाकिस्तान से सेना प्रमुख अशफाक परवेज कियानी, आइएसआइ प्रमुख जहीर-उल-इस्लाम, पाकिस्तानी तालिबान नेता हकीमुल्ला महसूद और कराची के प्रशासक सईद हाशिम रजा जैदी भी इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। भारत पाकिस्तान के अलावा इस सूची में चीन के 30 से भी अधिक लोगों को स्थान मिला है। सूची तैयार करने वाली फॉरेन पॉलिसी पत्रिका के मुताबिक सूची वैसे लोगों की है जिन्होंने राजनीति से बड़ी रकम के लेन-देन तक, मीडिया से ऊर्जा तक और युद्ध से धर्म तक जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है जो दुनिया को नियंत्रित करते हैं उसे इस सूची में शामिल किया गया है।