गुजरात में दंगाईयों को नहीं उकसाया था मोदी ने: SIT
अहमदाबाद। गुजरात दंगों के मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्लीन चिट दे दी है। एसआईटी ने अपनी जांच में कहा है कि मोदी के खिलाफ दंगे भड़ाकने के कोई भी सबूत नहीं मिले है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआईटी के वकील ने कहा कि ‘मोदी ने कभी नहीं कहा कि जाइए और लोगों की हत्या कीजिए।'
एसआईटी ने जकिया जाफरी की शिकायत की जांच करने के बाद 2002 में गोधरा कांड के बाद हुए दंगों के मामले में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट दी थी। एसआईटी ने गुजरात दंगों के मामले को बंद करने के लिए दायर रिपोर्ट के खिलाफ दायर की गई याचिका का विरोध करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ और अन्य ने मुख्यमंत्री को निशाना बनाकर झूठी शिकायत दर्ज करवाई।

मुख्यमंत्री ने कभी भी जाकर लोगों की हत्या करने की बात नहीं कही। दलील के दूसरे दिन एसआईटी के वकील ने सीतलवाड़ को निशाना बनाया। सीतलवाड़ ने दंगा पीड़ितों के मुद्दे को उठाया था और वह जकिया की मदद कर रही हैं। गौरतलब है कि जकिया जाफरी के पति और कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी की दंगों में हत्या कर दी गई थी।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में दलील देते हुए एसआईटी के वकील जमुआर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कथित तौर पर आला पुलिस अधिकारियों को दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के संबंध में दिया गया निर्देश तीस्ता सीतलवाड़ का गढ़ा हुआ है। इस बात के कोई सबूत नहीं है। गौरतलब है कि इस मामले में जकिया जाफरी ने नरेन्द्र मोदी और 58 अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए जाने की मांग की है जिनको उन्होंने सुप्रीम कोर्ट दायर अपनी शिकायत में नामजद किया था। उन्होंने एसआईटी के अलावा किसी और स्वतंत्र एजेंसी से इसकी जांच कराने की भी मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications