कथित आतंकवादी पर सपा सरकार की मेहरबानी, हटाये मुकदमें
लखनऊ। चुनाव के दौरान किया हुआ एक और वादा पूरा करते हुए समाजवादी पार्टी की सरकार ने गोरखपुर धमाके के आरोपी एवं कथित आतंकी तारिक कासमी के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमें वापस ले लिये हैं। ऐसा करते वक्त सपा सरकार ने विपक्षी दलों की आलोचना की परवाह भी नहीं की।
उत्तर प्रदेश की सपा सरकार ने गोरखपुर में 22 मई 2007 को हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के आरोपी एवं आतंकी संगठन हूजी से कथित रूप से सबंध रखने वाले तारिक कासमी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस ले लिया है। राज्य सरकार ने बुधवार शाम इसकी आधिकारिक रूप से जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के गृह सचिव सर्वेश चंद मिश्र ने बताया कि गोरखपुर के जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आख्या प्राप्त करने के बाद न्याय विभाग के परामर्श से राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि कासमी के खिलाफ अभी तक आरोप तय नहीं हुए हैं। संबंधित अदालत को मुकदमा वापस लेने के राज्य सरकार की संस्तुति न्याय विभाग के माध्यम से भेजी गई है। अखिलेश सरकार का यह पहला फैसला है, जिसमें किसी आतंकवादी घटना के आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस किया गया है।
गौरतलब है कि गोरखपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन विस्फोटों में छह लोग घायल हुए थे। इस मामले में गिरफ्तार किया गया कासमी इस वक्त लखनऊ जेल में बंद है। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कारवाई दस्ते (एसटीएफ) ने तारिक और खालिद नाम के एक अन्य आरोपी को 22 दिसंबर 2007 को बाराबंकी रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में विस्फोटक के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया था लेकिन परिजन ने आरोप लगाया कि तारिक को 12 दिसंबर को ही एसटीएफ के लोगों ने आजमगढ़ से ही उठा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications