भारत-चीन मसले को सुलझाने 9 मई को चीन जाएंगे सलमान खुर्शीद
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने गुरुवार को कहा कि वह नौ मई को चीन की यात्रा पर जाएंगे। खुर्शीद ने विश्वास के साथ कहा कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर दोनों देशों के सेनाओं के बीच जारी गतिरोध की मौजूदा घटना का हल निकाल लिया जाएगा। अपनी प्रस्तावित चीन यात्रा के बारे में पूछे जाने पर खुर्शीद ने कहा, मैं नौ मई को जा रहा हूं। खुर्शीद ने कहा कि इस तरह के मामलों से निबटने के लिए दोनों देशों के बीच एक क्रियान्वयन प्रणाली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लद्दाख के देपसांग इलाके में चीनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ बाद जारी गतिरोध का समाधान दिल्ली और बीजिंग निकाल लेंगे।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, उक्त प्रणाली को इस समस्या का समाधान निकालने दीजिए। इससे पहले भी वह इस तरह की समस्याओं के समाधान कर चुका है। हमारे पास यह विश्वास करने के पूरे कारण हैं कि वह फिर से इसका समाधान करने में सक्षम होगा। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने बुधवार को कहा था कि गतिरोध को दूर करने के लिए चीन के साथ कई स्तरों पर बातचीत जारी है। एंटनी ने पत्रकारों से कहा, राष्ट्र हित की रक्षा में तथा देश की सुरक्षा के लिए हमारी सरकार सारे उपाय अपनाएगी।

मुद्दे का हल निकालने के लिए कई स्तरों पर बातचीत जारी है। इस मुद्दे का हल निकालने के लिए मंगलवार को भारत तथा चीन की सेना के कमांडरों के बीच दूसरी फ्लैग बैठक हुई थी। चीनी सैनिक 15 अप्रैल को भारत तथा चीन के बीच के वास्तविक नियंत्रयण रेखा से 10 किलोमीटर अंदर तक भारतीय अधिकार क्षेत्र में घुस आए और चौकी स्थापित कर ली। भारत ने चीन से मौजूदा घटना से पहले की स्थिति बहाल करने की मांग की है। चीनी प्रधानमंत्री ली केकियांग की मई के तीसरे सप्ताह में भारत दौरे से ठीक पहले खुर्शीद यह यात्रा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications