यशवंत सिन्हा को 2जी मामले पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए : कांग्रेस
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' से कहा, "इस समय जेपीसी, 2जी मामले की जांच कर रही है। चूंकि मैं इस समिति का सदस्य रह चुका हूं, इसलिए मैं इसकी कार्यवाही पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। सिन्हा भी इस समिति के सदस्य हैं। वह जो कुछ भी कहना चाहते थे, उसे अगर समिति की सीमा में रहकर कहते तो उचित होता।"
तिवारी ने आगे कहा कि समिति इस समय जांच रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में है।
भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जेपीसी के समक्ष गवाही देने के लिए बुलाए जाने की मांग पर तिवारी ने कहा, "समिति के अंदर इस तरह की मांग उठी थी और खारिज भी कर दी गई।"
2जी मामले पर प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा, "यह तो विपक्ष का काम है। विपक्ष कई बार बेहद विचित्र तरह की मांगे करता रहता है।"
सिन्हा ने कहा था कि 2जी मामले की जांच कर रही जेपीसी संदिग्ध तरीके से कार्यवाही संचालित कर रही है।
सिन्हा ने सोमवार को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से अपील की थी कि पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री ए. राजा को समिति के समक्ष गवाही के लिए बुलाए जाने की अनुमति दी जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications