मुस्लिमों का हित पहले, सरकार बाद में: मुलायम सिंह
लखनऊ। समाजावादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुसलमानों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। सरकार जल्द ही बेकसूर लोगों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लेगी। राजधानी के गोलागंज स्थित रिफाहे आम क्लब मैदान में आयोजित जमीयत-उलेमा के जलसे में मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हमारे लिए मुसलमानों का हित सर्वेपरि है।
समाजवादी पार्टी की सरकार मुसलमानों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जेल में बंद सभी बेगुनाह रिहा होंगे और सरकार बेकसूर लोगों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे भी वापस लेगी। सपा मुखिया के संबोधन के दौरान ही जलसे में पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को गिरफ्तार करने के नारे भी गूंजते रहे।

जलसे में भीड़ ने कुंडा के सीओ रहे जिया उल हक की हत्या के मामले में राजा भैया के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने के साथ उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की। मालूम हो कि कुंडा सीओ जिआ उल हक की ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शहीद सीओ की पत्नी परवीन आजाद ने बाहूबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया था। उसके बाद राजा भैया को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications